धनबाद की खबरें:-

Advertisements

धनबाद की खबरें:-

ओलंपियाड परीक्षा में बीएसएस बालिका उच्च विद्यालय की तीन छात्राएं सफल

डीजे न्यूज, धनबाद: राज्य स्तरीय ओलंपियाड परीक्षा के प्रथम चरण में धनबाद जिले के 31 विद्यार्थियों ने बाजी मारी है। सफल परीक्षार्थियों में  बीएसएस बालिका उच्च विद्यालय धनबाद के वर्ग 08 के तीन छात्राएं कोमल कुमारी, सरिता कुमारी और आईशा कुमारी भी शामिल हैं। छात्राओं के इस शानदार प्रदर्शन पर विद्यालय के सभी शिक्षक/शिक्षिकाओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए हार्दिक बधाई एवं द्वितीय चरण में सफलीभूत होने की मंगल कामना व्यक्त की है। बता दें कि कोमल कुमारी गत वर्ष की ओलंपियाड परीक्षा में अंग्रेजी विषय में झारखंड की टॉपर रही थी । इस वर्ष भी कोमल की सफलता उसके बौद्धिक और मानसिक  क्षमता को प्रदर्शित करता है। वर्ग शिक्षक  संजय कुमार के द्वारा भी सभी सफलीभूत छात्राओं को बधाई एवं अगले चरण की मंगल कामना समर्पित किया गया।
———————————————


जनता दरबार में सुनी गई आमजनों की समस्या

धनबाद: शुक्रवार को आयोजित जनता दरबार में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी  राम नारायण खालको ने जिले के शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की समस्याओं को सुना एवं आश्वासन दिया कि उनकी सभी शिकायतों का जल्द से जल्द जाँच कराते हुए उचित समाधान कराया जाएगा।

जनता दरबार में बाघमारा, टुंडी, धनबाद, बोकारो सहित अन्य क्षेत्र से आए लोगों की शिकायते सुनीं गई।

इसमें जमीन विवाद, जमीन पर अवैध कब्जा करने, अबुआ आवास योजना, बंदोबस्ती जमीन, बाउंड्री कराने, जल समस्या, राशन कार्ड, धमकी देने सहित अन्य आवेदन प्राप्त हुए।

जनता दरबार में जिला भू- अर्जन पदाधिकारी ने लोगों को पूर्ण भरोसा दिलाया कि आमजनों की समस्याओं को दूर करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। जिला प्रशासन विधि सम्मत उनकी हर समस्या को दूर करने का प्रयास करेगा।
———————————————-


युवा कांग्रेस ने असम के सीएम का जलाया पुतला

धनबाद: असम के सीएम हेमंता विस्वा सरमा के द्वारा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं एवं राष्ट्रीय मीडिया चेयरमैन पवन खेड़ा के खिलाफ दिए ग ए विवादित बयान से पार्टी कार्यकर्ताओं में नाराजगी। शुक्रवार को जिला युवा कांग्रेस ने रणधीर वर्मा चौक पर असम के मुख्यमंत्री हेमंता विश्वा सरमा का पुतला दहन किया।
जिलाध्यक्ष आदित्य आनंद ने कहा कि अपशब्दों का प्रयोग अत्यंत आपत्तिजनक और निंदनीय है।यह बयान न केवल एक वरिष्ठ नेता का अपमान है, बल्कि लोकतांत्रिक मर्यादाओं और राजनीतिक शिष्टाचार का भी खुला उल्लंघन है। यह केवल एक व्यक्ति पर टिप्पणी नहीं, बल्कि पूरे दलिसमाज के सम्मान पर आघात है। मौके पर युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव, उपाध्यक्ष नवनीत नीरज वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक सिंह मनोज यादव योगेंद्र सिंह योगी एहसान ख़ान, महिला कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सीता राणा, रूबी खातून, आमिर हासमी,आमिर ख़ान,आकाश प्रमाणिक,विशाल महतो,सूरज वर्मा,सोनू यादव,कमल शर्मा ,शिवनाथ दस,मुशर्रफ अली,क़ैदे आज़म,सायूम ख़ान,पीयूष सहाइए,नईम जी,सोहेल प्रवेज गोलू यादव,योगेंद्र महतो जितेश सिंह कामता पासवान पप्पू पासवान पिंटू तुरी सत्यानंद पांडे विकास पाठक हरेंद्र शाही,धनबाद जिला कांग्रेस के मीडिया चेयरमैन सह प्रवक्ता पप्पू कुमार तिवारी सहित दर्जनों कांग्रेसजन उपस्थित थे।
———————————————


वर्ल्ड होम्योपैथिक डे पर सम्मानित हुए मेयर संजीव

धनबाद: वर्ल्ड होम्योपैथिक डे एवं डॉ. सैमुअल हहनेमन जयंती के अवसर पर धनबाद होम्योपैथिक डॉक्टर्स एसोसिएशन द्वारा एस. बी. इंटरनेशनल (8 लेन रोड), धनबाद में शुक्रवार को भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में धनबाद के मेयर संजीव सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

इस अवसर पर एसोसिएशन के सदस्यों द्वारा मेयर संजीव सिंह को मोमेंटो एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मेयर ने होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति के महत्व और इसके लाभों पर विस्तार से अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि होम्योपैथी एक प्रभावी एवं सुरक्षित चिकित्सा पद्धति है, जिससे कई रोगों का सफल उपचार संभव है। उन्होंने यह भी बताया कि वे स्वयं भी समय-समय पर होम्योपैथी दवाओं का उपयोग करते रहे हैं और अपने अनुभव में इसके सकारात्मक परिणाम देखे हैं।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी डॉक्टरों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया, वहीं कुछ डॉक्टरों को उनके उत्कृष्ट कार्य, समर्पण एवं स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर धनबाद होम्योपैथिक डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. के. के. सरकार, सचिव डॉ. विजय के. आर. वर्मा सहित कार्यकारिणी सदस्यों में डॉ. एस. के. अरई, डॉ. सी. बी. मेहता, डॉ. महेंद्र ठाकुर, डॉ. रानी राजश्री, डॉ. जी. बनर्जी, डॉ. शंकारी सहित अनेक चिकित्सकगण उपस्थित रहे।
————————————————–


आजसू छात्र संघ ने फूंका सीओ का पुतला

​धनबाद: अंचल कार्यालय में भ्रष्टाचार, अधिकारियों की मनमानी और छात्रों के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ के विरोध में आजसू छात्र संघ ने शुक्रवार को मेमको मोड़ पर प्रदर्शन किया। इस दौरान संघ ने सीओ का पुतला जलाया।
संघ के प्रदेश महासचिव विशाल महतो ने कहा कि झारखंड सरकार द्वारा स्थानीय प्रमाण पत्र निर्गत करने के लिए कुल 6 शर्तें तय की गई हैं। नियमानुसार, जो व्यक्ति इन 6 में से किसी भी एक शर्त को पूरा करता है, वह स्थानीयता का पात्र है। लेकिन धनबाद अंचल कार्यालय में उन लोगों को भी दौड़ाया जा रहा है जिनके पास पुख्ता ‘खतियान’ है। मूल दस्तावेज और खतियान अपलोड करने के बावजूद, अधिकारियों द्वारा जबरन अन्य शर्तों (जैसे मैट्रिक का सर्टिफिकेट आदि) की मांग की जा रही है, जो कि पूरी तरह से गलत और नियमों के विरुद्ध है।
विशाल महतो ने कहा कि स्थानीय, जाति एवं आय प्रमाण पत्रों का निपटारा तय समय सीमा में नहीं किया गया, तो आजसू छात्र संघ उग्र आंदोलन को बाध्य होगा।
मौके पर विश्वविद्यालय संयोजक सुदामा महतो, जिला वरीय उपाध्यक्ष राज हाजरा, विवेक महतो, कीर्ति चंद गोप, विजय महतो, सूरज शर्मा, चिंटू गोप, साजन महतो, अजय रविदास, निमाई महतो, सिराज अंसारी, भोला पासवान, विक्की कुमार, आकाश शर्मा, विकास मुखिया, रौनक राज, राकेश महतो, सौरव कुमार, उज्जवल गोप आदि उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top