लोको पायलट के लिए ग्रुप बी में प्रमोशन हुआ आसान
रनिंग कर्मचारियों के लिए अभी बड़ी लड़ाई बाकी है: एसएनपी श्रीवास्तव
डीजे न्यूज, धनबाद: भारतीय रेल के लोको पायलट्स के लिए यह एक ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है कि ईसीआरकेयू एवं एआईआरएफ के लंबे समय से लंबित मांग पर अब रेलवे बोर्ड ने स्पष्ट और एकरूप नीति लागू कर दी है। एआईआरएफ रेलवे कर्मचारियों के लिए विभिन्न नीतियों के निर्धारण के लिए गठित संयुक्त परामर्शदात्री संस्था की राष्ट्रीय समिति (एन सी/जेसीएम) का महत्वपूर्ण घटक है। यह सफलता फेडरेशन और इसके जोनल संगठन के सही दिशा में सक्रियता, निरंतर संघर्ष और प्रयास का परिणाम है। उक्त मामले में एआईआरएफ ने प्रमुख भूमिका निभाई है।
धनबाद मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में रेलकर्मियों तथा ईसीआरकेयू के सक्रिय सदस्यों की संक्षिप्त उपस्थिति में उक्त जानकारी देते हुए ईसीआरकेयू के महामंत्री एसएनपी श्रीवास्तव ने बताया कि रेलवे बोर्ड के इस फैसले के तहत अब पूरे भारतीय रेलवे में वरीयता निर्धारण के लिए एक समान नियम लागू होगा।
अब ग्रुप सी से ग्रुप बी प्रमोशन के 70% कोटा के लिए इंटीग्रेटेड वरीयता सूची एक ही तरीके से तैयार की जाएगी। 9 अप्रैल को जारी रेलवे बोर्ड के इस आदेश संख्या – ई (जी पी)2019/2/25 (3379109) में लोको पायलट (मेल/ एक्सप्रेस/पैसेंजर) को लेवल-6 से अब लेवल-7 के समकक्ष माना जाएगा। वरीयता अब इंट्री डेट वेतन स्केल 5500-9000 के आधार पर तय होगी। लोको पायलट गुड्स को लोको पायलट (मेल/ एक्सप्रेस/पैसेंजर) के नीचे, लेकिन अन्य कैटेगरी से ऊपर रखा जाएगा। शंटिंग लोको पायलट को वरीयता में सबसे नीचे रखा जाएगा।
पहले से हुए प्रमोशन/सेलेक्शन में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। यह नियम केवल भविष्य के लिए लागू होगा। इस फैसले से अलग-अलग जोन/रेलवे में चल रहे अलग-अलग नियम अब समाप्त होंगे और पूरे देश में लोको पायलट के लिए एक समान वरीयता पद्धति लागू होगा।
रनिंग कर्मचारियों के लिए ग्रुप बी में प्रमोशन का रास्ता अधिक पारदर्शी और आसान होगा।
मौके पर महामंत्री एसएनपी श्रीवास्तव ने कहा कि रनिंग कर्मचारियों के लिए अभी बड़ी लड़ाई बाकी है । अभी जरूरी है कि सभी रनिंग कर्मचारी पूर्वाग्रह त्याग कर एक मजबूती के साथ ईसीआरकेयू एवं एआईआरएफ के साथ आएं।
बैठक में ईसीआरकेयू के अपर महामंत्री सह एआईआरएफ वर्किंग कमिटी मेम्बर मो ज़्याऊद्दीन, पूर्व केन्द्रीय पदाधिकारी बी के सिंह, राजेश कुमार, एआईआरएफ के जोनल सेक्रेटरी ओ पी शर्मा, केन्द्रीय कोषाध्यक्ष मिथिलेश कुमार, केन्द्रीय संगठन मंत्री नेताजी सुभाष, ईसीआरकेयू के धनबाद मीडिया प्रभारी एन के खवास सहित कई शाखाओं के युवा पदाधिकारी उपस्थित रहे।