धर्म नगर में घरों में दरार से दहशत, बीसीसीएल पर लापरवाही का आरोप, थाना में शिकायत
डीजे न्यूज तिसरा(धनबाद) : बीते बुधवार को झरिया के ऊपर कुल्ही स्थित धर्म नगर के दर्जनों घरों में पड़ी दरार के मामले में पीड़ित परिवारों ने बीती रात झरिया थाना में बीसीसीएल प्रबंधन पर सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है। इस संबंध में पीड़ित फरीद मल्लिक ने झरिया थाना प्रभारी को लिखित ज्ञापन सौंपा।
कोयलांचल के झरिया क्षेत्र में भू-धसान की समस्या दशकों पुरानी रही है, लेकिन हालिया घटना ने एक बार फिर सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि खनन के बाद खाली पड़े स्थानों को वैज्ञानिक तरीके से नहीं भरने के कारण इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
इधर, झरिया थाना पुलिस ने आवेदन स्वीकार कर लिया है और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। अब लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या इस मामले में बीसीसीएल के जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई होगी या यह मामला भी अन्य मामलों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा।
गौरतलब है कि बीते बुधवार को धनबाद मेयर और झरिया विधायक सहित जेएमएम के नेताओं ने भी पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सुरक्षित स्थान पर बसाने और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर बीसीसीएल प्रबंधन से बातचीत की थी। हालांकि अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं होने से लोगों में नाराजगी और भय का माहौल बना हुआ है।