



प्रतिस्पर्धी दौर में निरंतर सीखना ही सफलता की कुंजी : नमन प्रियेश लकड़ा
देवघर उपायुक्त ने दीक्षांत समारोह में छात्रों को बांटी डिग्री
डीजे न्यूज, देवघर : इग्नू के 39वें दीक्षांत समारोह का आयोजन मंगलवार को किया गया, जिसमें उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने सफल विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में निरंतर सीखना ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा कि इग्नू ने दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से उन लोगों के लिए भी उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराए हैं, जो पारिवारिक या व्यावसायिक कारणों से नियमित पढ़ाई नहीं कर पाते।

उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है। उपायुक्त ने विशेष रूप से महिला अभ्यर्थियों और ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों की सराहना की, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपनी पढ़ाई पूरी की।

इस दौरान क्षेत्रीय केंद्र के कई मेधावी विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विशेष प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह में मौजूद सभी लोगों ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



