



केंद्रीय विद्यालय के स्थायी भवन निर्माण में लाएं तेजी : देवघर उपायुक्त
डीजे न्यूज, देवघर : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में मंगलवार को एम्स परिसर के समीप केंद्रीय विद्यालय के संचालन एवं स्थायी भवन निर्माण को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपायुक्त ने एम्स के पास चिन्हित भूखंड पर प्रस्तावित केंद्रीय विद्यालय के स्थायी भवन निर्माण की वर्तमान प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि भवन निर्माण से जुड़ी सभी तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि निर्माण कार्य बिना किसी विलंब के प्रारंभ हो सके।
उपायुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए सभी आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) और अन्य विभागीय औपचारिकताओं को जल्द से जल्द पूर्ण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को इस दिशा में समन्वय बनाकर कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।

बैठक में केंद्रीय विद्यालय के अधिकारी, जिला स्तरीय पदाधिकारी, अंचलाधिकारी देवीपुर, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।


