



धान गोदाम में चल रही थी नकली विदेशी शराब फैक्ट्री, 15 लाख की सामग्री जब्त
डीजे न्यूज, गिरिडीह : बिरनी प्रखंड के भरकट्टा ओपी क्षेत्र के चिताखारो गांव में शराब माफियाओं द्वारा धान के गोदाम को सेफ जोन बनाकर नकली विदेशी शराब की फैक्ट्री चलाई जा रही थी। उत्पाद विभाग की टीम और भरकट्टा पुलिस की संयुक्त छापेमारी में इस अवैध कारोबार का खुलासा हुआ। मौके से भारी मात्रा में अवैध शराब व सामग्री बरामद की गई, हालांकि कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
उपायुक्त राम निवास यादव के निर्देश पर उत्पाद अधीक्षक शिव कुमार साहू के नेतृत्व में गठित टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। छापेमारी का नेतृत्व अवर निरीक्षक रवि रंजन ने किया। इस दौरान भरकट्टा थाना प्रभारी अमन कुमार, सशस्त्र बल व जिला बल के जवान भी शामिल थे।


छापेमारी के दौरान गोदाम से 370 लीटर स्पिरिट, 665 लीटर अवैध विदेशी शराब (आइकॉनिक व रॉयल चैलेंज ब्रांड सहित 34 पेटी), 5 लीटर केरामेल, 4000 खाली बोतलें, 1000 कार्टन, 11000 ढक्कन और 1000 होलोग्राम बरामद किए गए।
जांच के दौरान जानकारी मिली कि उक्त गोदाम बिक्कू साव का है। इस अवैध कारोबार में राजेश यादव, अजय साव और सुभाष साव के भी शामिल होने की बात सामने आई है।

जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है। चारों फरार अभियुक्तों के खिलाफ भरकट्टा थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। छापेमारी के बाद पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ विभाग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


