मेयर संजीव सिंह से मिला यूथ फोर्स का प्रतिनिधिमंडल मेमको मोड़ पर मूलभूत सुविधाओं की कमी से कराया अवगत

Advertisements

मेयर संजीव सिंह से मिला यूथ फोर्स का प्रतिनिधिमंडल

मेमको मोड़ पर मूलभूत सुविधाओं की कमी से कराया अवगत

डीजे न्यूज, धनबाद: यूथ फोर्स का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को मेयर संजीव सिंह से भेंट किया। प्रतिनिधिमंडल ने शहर के अत्यंत व्यस्त क्षेत्रों में शामिल मेमको मोड़ तथा विनोद बिहारी महतो कोलांचल विश्वविद्यालय के आसपास बढ़ती भीड़ और नागरिक सुविधाओं की कमी से  संबंधित समस्याओं से मेयर को अवगत कराया।
यूथ फोर्स धनबाद के संस्थापक एवं अध्यक्ष अभिषेक विश्वकर्मा ने बताया कि मेमको मोड़ और विश्वविद्यालय क्षेत्र में प्रतिदिन हजारों लोगों एवं दूर-दराज से आने वाले छात्रों की आवाजाही रहती है। इसके बावजूद यहां आवश्यक नागरिक सुविधाओं का अभाव बना हुआ है, जिससे आम नागरिकों और विद्यार्थियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

विशेष रूप से यात्री शेड, सार्वजनिक शौचालय एवं स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इन मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता से न केवल यात्रियों और छात्रों को राहत मिलेगी, बल्कि क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था और सार्वजनिक स्वास्थ्य में भी सुधार आएगा।
प्रतिनिधिमंडल में महासचिव शंकर पांडे, वरिष्ठ उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिन्हा, सदस्य राजवीर रवानी, नरेश ठाकुर एवं आदित्य विश्वकर्मा शामिल थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top