


कोयला चोरों का शिमलाबहाल में तांडव : एएसआई और उनकी पत्नी पर हमला
डीजे न्यूज, तिसरा(धनबाद) : केंदुआडीह थाना क्षेत्र के शिमलाबहाल स्थित कुमार मंगलम स्टेडियम के पास रविवार को कोयला चोरों के एक दल ने क्राइम स्पेशल ब्रांच के एएसआई अनुज कुमार और उनकी पत्नी काजल कुमारी को बेरहमी से पीटकर घायल कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भगतडीह के ऐना कोलियरी से बीएनआर कोयला ट्रांसपोर्टिंग के दौरान सक्रिय कोयला चोर हाईवा वाहनों को रोककर खुलेआम कोयला उतार रहे थे। इसी दौरान पीड़ित एएसआई अनुज कुमार वहां पहुंचे, जिसके बाद कोयला चोरों ने उन पर हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि पत्नी के सामने ही अपराधियों ने एएसआई अनुज कुमार की जमकर पिटाई की। जब उनकी पत्नी काजल कुमारी बचाव के लिए आगे आईं तो आरोपियों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और उनके साथ भी मारपीट की।
घटना की सूचना मिलते ही क्राइम स्पेशल ब्रांच के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। साथ ही यह सवाल भी उठ रहा है कि जब पुलिसकर्मी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा किसके भरोसे होगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त मार्ग पर दिन-रात कोयला चोरी का खेल खुलेआम चलता है। राहगीरों के सामने ही हाईवा वाहनों को रोककर कोयला उतार लिया जाता है।

इधर पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।


