पवन के जादू देख खिलखिला उठे अनाथ विद्यालय के बच्चे
थानेदार ने किया आयोजन, विधायक ने सराहा
डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी (धनबाद) : पोखरिया स्थित अनाथ विद्यालय में पूर्वी टुंडी थाना प्रभारी नीतीश कुमार के सौजन्य से विद्यालय के बच्चों के बीच जादू का आयोजन किया गया। जादू देखकर बच्चे खूब आनंदित हुए। धनबाद जिला अन्तर्गत निरसा के रहने वाले जादूगर पवन कुमार मोदी ने बच्चों के बीच एक से बढ़कर एक जादू पेश किया जिसपर बच्चों ने खूब तालियां बजाईं।
मौके पर मुख्य रूप से टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो भी मौजूद रहे। उन्होंने थाना प्रभारी द्वारा आयोजन की प्रशंसा की। जादूगर पवन ने बताया कि आज के तनाव भरी जिंदगी में जादू दिखाकर मनोरंजन करना बड़ी पहल है। जादू की कला समाज से विलुप्त होने के कगार पर है। इसे बचाकर रखने के लिए इस तरह का आयोजन अक्सर होना चाहिए ताकि जादू के साथ साथ बच्चे विज्ञान को भी समझें। थाना प्रभारी के तरफ से अनाथ विद्यालय के सभी बच्चों और अतिथियों के बीच नाश्ता पानी की भी व्यवस्था की गई ।