


कालीबाड़ी चौक में चार मंजिला मकान की छत पर आग, अफरा-तफरी
डीजे न्यूज, गिरिडीह : नगर थाना क्षेत्र के कालीबाड़ी चौक स्थित पशुपतिनाथ टिबड़ेवाल के चार मंजिला मकान की छत पर बने स्टोर रूम में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मकान व दुकान मालिक पशुपतिनाथ टिबड़ेवाल ने बताया कि उनका परिवार प्रथम तल पर रहता है, जबकि नीचे दुकान संचालित होती है। चौथे तल्ले की छत पर बने स्टोर रूम में घर और दुकान से जुड़ा कबाड़ सामान रखा हुआ था। इसी दौरान पड़ोसियों ने फोन कर आग लगने की सूचना दी। ऊपर पहुंचने पर देखा गया कि आग तेजी से फैल चुकी थी और धुआं उठ रहा था।

परिजनों ने पहले खुद आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बताया जा रहा है कि स्टोर रूम के पास तेल से भरा जनरेटर, इलेक्ट्रॉनिक बोर्ड और तार रखे थे। आशंका है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी होगी, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच जारी है।
गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। हालांकि स्टोर में रखा सामान जलकर खाक हो गया।



