



हुसैनाबाद विद्यालय में प्रार्थना सभा के साथ ज्ञानवर्धक गतिविधियां
डीजे न्यूज, पलामू : राजकीयकृत मध्य विद्यालय हुसैनाबाद में सोमवार को आयोजित प्रार्थना सभा में नियमित गतिविधियों के साथ बच्चों के बीच सामान्य ज्ञान, शैक्षिक जागरूकता और अनुशासन पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान बच्चों की प्रतिभा को परखा गया और सही उत्तर देने वालों को पुरस्कृत कर उनका हौसला बढ़ाया गया।
सोमवार को राजकीयकृत मध्य विद्यालय हुसैनाबाद के परिसर में नियमित प्रार्थना, राष्ट्रगान, संविधान की प्रस्तावना, सफाई हेतु संकल्प एवं विद्यालय पट्ट पर अंकित सामान्य ज्ञान की पुनरावृत्ति के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।

इसके पश्चात विद्यालय के एचएम कन्हैया प्रसाद ने जेसीईआरटी द्वारा प्रेषित कंटेंट का वाचन करते हुए बच्चों को अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय खबरों से अवगत कराया।
तत्पश्चात शिक्षक राजेश कुमार गुप्ता द्वारा बच्चों से सामान्य ज्ञान आधारित प्रश्न पूछे गए। सही एवं सटीक उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया गया।
पूछे गए प्रमुख प्रश्नों में भारत का राष्ट्रीय फूल (कमल), राष्ट्रीय खेल (हॉकी), सौरमंडल का सबसे बड़ा ग्रह (बृहस्पति), सबसे छोटा ग्रह (बुध), पृथ्वी के पड़ोसी ग्रह (शुक्र, मंगल), विश्व का सबसे बड़ा महासागर (प्रशांत) एवं सबसे छोटा महासागर (आर्कटिक) शामिल रहे।
इसके अलावा टेलीविजन के आविष्कारक (जे एल बेयर्ड), BDO (Block Development Officer) एवं CO (Circle Officer) का फुल फॉर्म, हिन्दी के स्वर (11) एवं व्यंजन (33), अयोगवाह (अं, अः), भाववाचक संज्ञा, अंग्रेजी के vowel letters (a, e, i, o, u), opposite word (handsome-ugly), past participle (say-said), गणितीय प्रश्न (99-10=89, .123 का विस्तारित रूप .1+.02+.003, 99 का परवर्ती 100) भी शामिल थे।
साथ ही ईरान (तेहरान), इजरायल (यरुशलम), संयुक्त राज्य अमेरिका (वाशिंगटन डीसी) की राजधानियों तथा आगामी विधानसभा चुनाव वाले राज्यों—असम, पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु एवं पुडुचेरी से संबंधित प्रश्न भी पूछे गए। प्रकाश संश्लेषण के लिए कार्बन डाइऑक्साइड गैस के महत्व पर भी बच्चों ने सही उत्तर दिए।
मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता मुहम्मद जिशान जी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यालय की शैक्षिक गतिविधियों की जमीनी स्थिति का अवलोकन किया तथा नए सत्र में नामांकन की जानकारी ली। विद्यालय परिवार द्वारा उन्हें कार्यक्रम में उपस्थित रहने का आग्रह किया गया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार किया।
बच्चों के उत्तरों से प्रभावित होकर मुहम्मद जिशान जी ने सभी को एक-एक पेन देकर प्रोत्साहित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बच्चे ही भविष्य के राष्ट्र निर्माता हैं, इसलिए समय के महत्व को समझना आवश्यक है, क्योंकि बीता हुआ समय कभी वापस नहीं आता। उन्होंने साफ-सफाई के साथ नाखून कटाई पर भी विशेष जोर दिया।
अंत में उन्होंने विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की।



