



गिरिडीह में महावीर जयंती पर भव्य शोभा यात्रा, जयकारों से गूंजा शहर
डीजे न्यूज, गिरिडीह : महावीर जयंती के पावन अवसर पर गिरिडीह में जैन मंदिर से भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। यह शोभा यात्रा शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों से होते हुए पुनः जैन मंदिर पहुंची। पूरे आयोजन के दौरान शहर का माहौल भक्तिमय बना रहा और हर ओर भगवान महावीर के जयकारे गूंजते रहे।

शोभा यात्रा में जैन समाज के महिला, पुरुष एवं बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सभी श्रद्धालु भगवान महावीर के जयकारे लगाते हुए श्रद्धा और उत्साह के साथ आगे बढ़ रहे थे। यात्रा में भगवान महावीर की आकर्षक प्रतिमा को सुसज्जित रथ पर विराजमान कर ले जाया गया, जहां विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा उनका अभिषेक एवं आरती की गई।


शोभा यात्रा का मार्ग गांधी चौक, तिरंगा चौक, टुंडी रोड, गद्दी मोहल्ला, काली बाड़ी, टावर चौक, जिला परिषद चौक, मकतपुर स्टेशन रोड होते हुए पुनः जैन मंदिर तक निर्धारित था। इस दौरान पूरा शहर भगवान महावीर की भक्ति में लीन नजर आया।
कार्यक्रम में विजय सेठी (अध्यक्ष), अजय सेठी, अजय जैन, धीरज जैन, राजन जैन, राकेश जैन, सरोज सेठी, हेमलता सेठी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


