




मारवाड़ी गीतों की गूंज से सजा गणगौर महोत्सव, प्रतिभाओं ने बिखेरा जलवा
भाषा-संस्कृति के संरक्षण को बढ़ावा, प्रतियोगिता में देशभर से प्रतिभागियों की भागीदारी
डीजे न्यूज, तिसरा(धनबाद) : मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा गणगौर महोत्सव के अंतर्गत मंगलवार को मारवाड़ी गीत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मारवाड़ी भाषा एवं संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन को प्रोत्साहित करना रहा।
इस प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। एकल सोलो श्रेणी में 11 प्रतिभागियों के साथ समूह श्रेणी में 6 टीमों ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियाँ दीं। सभी प्रतिभागियों ने पारंपरिक मारवाड़ी गीतों के माध्यम से अपनी कला का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिससे प्रतियोगिता का स्तर अत्यंत सराहनीय रहा।
प्रतियोगिता के मूल्यांकन हेतु मारवाड़ी भाषा एवं संस्कृति के राष्ट्रीय संयोजक साकेत चावछरिया एवं उत्तर प्रदेश प्रांत की प्रांतीय संयोजक स्वाति जैन ने निर्णायक की भूमिका निभाई। उनके द्वारा निष्पक्ष मूल्यांकन के पश्चात विजेताओं की घोषणा की गई।
जिसमें एकल श्रेणी (सोलो) के विजेता प्रियंका, वरुण कुमार लोढ़िया, वाशिम (महाराष्ट्र) रहे, जबकि उपविजेता उन्नति अग्रवाल, धनबाद रहीं। वहीं समूह श्रेणी से विजेता माहेश्वरी महिला समूह, धनबाद तथा उपविजेता स्वाति अग्रवाल एवं समूह, कोलकाता रहे।
सभी प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की गई। विजेताओं का सम्मान आगामी 16 अप्रैल को आयोजित कार्यक्रम में किया जाएगा तथा सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।



