धनबाद को साफ-सुथरा, व्यवस्थित और आधुनिक शहर बनाना लक्ष्य: मेयर संजीव लंबित जलापूर्ति योजना की होगी समीक्षा

Advertisements

धनबाद को साफ-सुथरा, व्यवस्थित और आधुनिक शहर बनाना लक्ष्य: मेयर संजीव

लंबित जलापूर्ति योजना की होगी समीक्षा

डीजे न्यूज, धनबाद: नव निर्वाचित मेयर संजीव सिंह ने अपनी धर्मपत्नी एवं झरिया विधायक रागिनी सिंह के साथ सोमवार को नगर निगम कार्यालय पहुँचकर औपचारिक रूप से कार्यभार संभाला। इस दौरान नगर आयुक्त आशीष गंगवार, अपर नगर आयुक्त समेत अन्य पदाधिकारियों ने उनका स्वागत-अभिनंदन किया और नए कार्यकाल के लिए शुभकामनाएँ दीं।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद मेयर संजीव सिंह ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि उनका मुख्य लक्ष्य धनबाद को एक साफ-सुथरा, व्यवस्थित और आधुनिक शहर बनाना है, जहाँ नागरिकों को सभी बुनियादी सुविधाएँ समय पर उपलब्ध हों।

मेयर ने कहा कि उनकी प्राथमिकता तीन मुख्य बिंदुओं पर केंद्रित रहेगी— नियमित जलापूर्ति, सफाई एवं कचरा प्रबंधन की स्थायी व्यवस्था, तथा सड़क-ड्रेनेज और नगर सेवाओं का डिजिटल एवं पारदर्शी संचालन। उन्होंने कहा कि नगर निगम की योजनाएँ केवल कागजों तक सीमित न रहकर जमीन पर दिखाई दें, यही उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी।

पत्रकारों द्वारा वर्ष 2018 से लंबित 1042 करोड़ रुपये की जलापूर्ति योजना को लेकर पूछे गए सवाल पर महापौर ने इसे गंभीर विषय बताते हुए कहा कि योजना की सम्पूर्ण समीक्षा कर संबंधित एजेंसियों और अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। जहाँ तकनीकी या प्रशासनिक बाधाएँ हैं, उन्हें समयबद्ध तरीके से दूर कर एक निश्चित टाइमलाइन जनता के सामने सार्वजनिक की जाएगी, ताकि योजना को जल्द पूरा कराया जा सके।

नगर निगम की वर्षों पुरानी डंपिंग यार्ड समस्या पर उन्होंने कहा कि यह शहर की सबसे बड़ी चुनौती है। इसके समाधान के लिए नई जमीन चिन्हित करने की प्रक्रिया तेज की जाएगी तथा राज्य सरकार और जिला प्रशासन के समन्वय से स्थायी डंपिंग यार्ड की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही आधुनिक वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम लागू करने की दिशा में भी काम किया जाएगा।

छह करोड़ पौधारोपण में बड़ी संख्या में पौधों के सूख जाने के मामले पर मेयर संजीव ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि यदि संवेदकों ने भुगतान लेने के बावजूद पौधों का संरक्षण नहीं किया, तो यह गंभीर लापरवाही है। पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में पौध मानिटारिंग सिस्टम लागू किया जाएगा।

राजनीतिक सवालों के जवाब में मेयर संजीव सिंह ने कहा कि उन्होंने हमेशा जनता के भरोसे पर चुनाव लड़ा है और उनकी प्राथमिकता राजनीति नहीं बल्कि विकास है। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें भारी मतों से विजयी बनाया है, उस भरोसे पर खरा उतरना ही उनका मुख्य लक्ष्य रहेगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top