वैश्विक संकट के बीच मुनाफाखोरी पर होगी सख्त कार्रवाई: एसएसपी कालाबाजारी-जमाखोरी करने वालों की अब खैर नहीं, शिकायत पर पुलिस करेगी तत्काल कार्रवाई

Advertisements

वैश्विक संकट के बीच मुनाफाखोरी पर होगी सख्त कार्रवाई: एसएसपी

कालाबाजारी-जमाखोरी करने वालों की अब खैर नहीं, शिकायत पर पुलिस करेगी तत्काल कार्रवाई

डीजे न्यूज, धनबाद: मध्य पूर्व के देशों में जारी तनाव के कारण वैश्विक स्तर पर अस्थिरता का माहौल बना हुआ है। इस संकट का आंशिक असर न सिर्फ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बल्कि देश के बाजार और आपूर्ति व्यवस्था पर भी देखने को मिल सकता है।  ऐसे संवेदनशील समय में जहां पूरा भारत एकजुट होकर स्थिति का सामना कर रहा है, वहीं कुछ लोग इस आपदा को अवसर में बदलकर मुनाफाखोरी करने में जुटे हुए हैं। धनबाद पुलिस ने ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संकेत दिया है।

वरीय पुलिस अधीक्षक  प्रभात कुमार ने इस मुद्दे पर स्पष्ट और कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि किसी भी परिस्थिति में आम जनता के हितों के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर कोई दुकानदार, व्यापारी या अन्य व्यक्ति आवश्यक वस्तुओं को निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बेचते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ तत्काल कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी ने विशेष रूप से खाद्य सामग्री, दैनिक उपयोग की वस्तुएं, दवाइयां, तेल, गैस और अन्य आवश्यक सामानों की कालाबाजारी और जमाखोरी को गंभीर अपराध बताते हुए कहा कि यह न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि समाज के प्रति गैर-जिम्मेदाराना और अमानवीय व्यवहार भी है। अगर ऐसे संकट की घड़ी में कोई जरूरतमंदों का शोषण करता हैं तो वह कानून के साथ साथ सभ्य समाज में बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है।

उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन के लोग लगातार बाजार की निगरानी कर रहे हैं। गुप्त रूप से भी सूचनाएं एकत्र की जा रही हैं ताकि ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। साथ ही, आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है और आपूर्ति निर्बाध जारी है।

व्यापारियों और दुकानदारों को संबोधित करते हुए एसएसपी प्रभात कुमार ने अपील की कि वे अपनी सामाजिक जिम्मेदारी को समझें और ईमानदारी के साथ व्यापार करें। उन्होंने कहा कि किसी भी वस्तु को निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर न बेचें और अनावश्यक रूप से सामान का भंडारण न करें। ऐसा करना न केवल अवैध है, बल्कि समाज में असंतोष और अव्यवस्था को भी जन्म देता है।

इसके साथ ही, आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे घबराहट में आकर जरूरत से ज्यादा खरीदारी न करें। अनावश्यक जमाखोरी से बाजार में कृत्रिम कमी उत्पन्न होती है, जिससे कीमतें बढ़ने लगती हैं और कमजोर वर्ग के लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी आवश्यक वस्तुएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें और आम जनता को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।

एसएसपी  ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी व्यक्ति को कहीं भी अधिक कीमत वसूलने, कालाबाजारी करने या जमाखोरी की जानकारी मिलती है, तो वह तुरंत इसकी सूचना जिला प्रशासन या पुलिस को दें। शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि इस संकट की घड़ी में सभी को मिलकर जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। प्रशासन, व्यापारी और आम नागरिक यदि सहयोग और संयम बनाए रखें, तो किसी भी चुनौती का सामना आसानी से किया जा सकता है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top