




तीर से जख्मी युवक को बेहतर इलाज के लिए भेजा गया रिम्स रांची
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): राजगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनदाहा गांव में रविवार रात दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में जख्मी विनय कुमार महतो (25 वर्ष) को बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स ले जाया गया है। उसके सीने में तीर लगी है। वहीं मारपीट और पथराव में जख्मी हुए शंभु महतो, अरुण कुमार महतो, जयराम महतो और मोहन महतो का इलाज एसएनएमसीएच धनबाद में चल रहा है।
मालूम हो कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार को एक पक्ष द्वारा विवादित जमीन पर काम शुरू करने और दूसरे पक्ष द्वारा इसका विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों ओर से मारपीट और पथराव शुरू हो गया। इसी दौरान किसी ने तीर चला दिया, जो विनय के सीने में जा लगा।
घायल जयराम महतो ने पुलिस के समक्ष सुरेंद्र हेंब्रम और धीरेन्द्र हेंब्रम समेत अन्य लोगों पर मारपीट और जमीन कब्जाने का आरोप लगाया है।
इधर, राजगंज थाना प्रभारी अलिशा कुमारी ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर घटना हुई है। सभी घायलों का इलाज कराया जा रहा है और मामले की जांच जारी है।



