




सरहुल : गिरिडीह में उत्साह और उमंग का नजारा
धूमधाम से मनाया गया प्राकृतिक का महापर्व सरहुल, मांझी थान में पूजा अर्चना में शामिल हुए मंत्री और मेयर समेत कई, शहर में संथाली नृत्य पर झूमी युवतियां
डीजे न्यूज, गिरिडीह : प्राकृतिक के पर्व सरहुल को लेकर रविवार को गिरिडीह में उत्साह और उमंग का नजारा रहा। शहर के बस स्टैंड के जिला मांझी थान में सरहुल के मौके पर आदिवासी समुदाय की भीड़ जुटी। वही मौके पर नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू,जिला परिषद सदस्य हेंगा मुनि,मेयर प्रमिला मेहरा और डिप्टी मेयर सुमित कुमार भी पूजन स्थल मांझी थान पहुंचे।

जहां आदिवासी समुदाय के पुजारी नाईक बाबा ने सखुआ के पेड़ की पूजा अर्चना की। विधि विधान के साथ सरहुल की उपासना की। मांझी थान में पूजा अर्चना के बाद आदिवासी समुदाय की युवतियों ने मांडर के थाप पर नृत्य भी किया। मांझी थान से ही पुलिस जवानों के मौजूदगी में मांडर के थाप पर लोकगीत गाते हुए संथाली नृत्य करती युवतियां शहर में निकली और शहर भ्रमण के बाद झंडा मैदान पहुंची। इस दौरान मौके पर अध्यक्ष प्रदीप सोरेन, सचिव मदन विश्वकर्मा समेत बड़ी संख्या में सरना समाज के लोगों का जुटान हुआ था।



