




धनबाद में अवैध कोयला कारोबार का खुला खेल
सड़क किनारे खड़ा ट्रक बना सबूत
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): धनबाद में अवैध कोयला कारोबार एक बार फिर सवालों के घेरे में है। ताजा मामला ईस्ट बसूरिया ओपी क्षेत्र के मल्लाह बस्ती का है, जहां गुरुवार रात से एक ट्रक (JH-10-CP-2463) अवैध कोयला लदा सड़क किनारे खड़ा है। हैरानी की बात यह है कि यह ट्रक घंटों से स्थानीय पुलिस प्रशासन को मानो खुली चुनौती दे रहा है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
सूत्रों के अनुसार, यह ट्रक गोन्दूडीह क्षेत्र स्थित एक आउटसोर्सिंग कंपनी से अवैध कोयला लेकर निकला था। रास्ते में खराबी आने के कारण वाहन मल्लाह बस्ती के पास बंद हो गया, जिसके बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि निरोधी एजेंसियों की मिलीभगत से लंबे समय से इस अवैध कारोबार को अंजाम दिया जा रहा है। रोजाना दर्जनों ट्रकों के जरिए कोयला खपाने की बात भी सामने आ रही है।
अब सवाल उठता है कि आखिर प्रशासन कब जागेगा और इस अवैध कारोबार पर कब लगाम लगेगी?



