




अस्पतालों में बेहतर प्रबंधन व समयबद्ध तरीके से हो इलाज : नमन प्रियेश लकड़ा
डीजे न्यूज, देवघर : देवघर समाहरणालय में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं, सेवाओं की उपलब्धता तथा उनके गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि जिलावासियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सिविल सर्जन एवं चिकित्सकों की टीम को निर्देश दिया कि स्वास्थ्य सुविधाओं को दिन-प्रतिदिन सुदृढ़ और बेहतर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाएं।
बैठक में कुल 15 एजेंडों पर चर्चा करते हुए उपायुक्त ने विभिन्न स्वास्थ्य अभियानों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री अस्पताल संचालन एवं रख-रखाव योजना के तहत सभी स्वास्थ्य उपकेंद्र, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, अनुमंडलीय अस्पताल और सदर अस्पतालों के रख-रखाव, संचालन एवं प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा।
इसके साथ ही अस्पताल परिसरों को अतिक्रमण मुक्त रखने, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा छोटे-बड़े चिकित्सीय उपकरणों की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने निर्माणाधीन स्वास्थ्य भवनों एवं उपकेंद्रों का कार्य शीघ्र पूरा करने, पेयजल व्यवस्था मजबूत करने तथा पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत बाल लिंगानुपात सुधार के लिए प्रभावी कार्रवाई करने पर भी जोर दिया।
मानव संसाधन प्रबंधन से जुड़े मामलों पर भी समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में उप विकास आयुक्त, प्रभारी सिविल सर्जन, अस्पताल उपाधीक्षक, जिला आयुष पदाधिकारी, जिला स्वास्थ्य समिति के पदाधिकारी, चिकित्सा पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।



