




विष्णुगढ़ के प्रवासी मजदूर की ओमान में सड़क हादसे में मौत
डीजे न्यूज़,विष्णुगढ़, हजारीबाग :
हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ प्रखंड अंतर्गत बंदखारो गांव निवासी पुसन महतो के लगभग 25 वर्षीय पुत्र प्रदीप महतो की ओमान के अल जेसर क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। घटना बुधवार शाम की बताई जा रही है। प्रदीप महतो ज़ाबावी पॉवरटेक इंजीनियरिंग एलएलसी कंपनी में कार्यरत था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रदीप महतो दवा लेने के लिए अपने कैंप से बाहर मेडिकल जा रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक अपने पीछे पत्नी, माता-पिता, भाई एवं एक छोटी बेटी को छोड़ गया है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
इस घटना पर ऊपरघाट क्षेत्र के समाजसेवी भुनेश्वर कुमार महतो ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कंपनी से मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि झारखंड के प्रवासी मजदूरों की मौत की यह कोई पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी कई मजदूर अपनी जान गंवा चुके हैं।
उन्होंने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि मजदूरों के हित में ठोस पहल नहीं हो पा रही है, जिसके कारण राज्य से पलायन लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने सरकार से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने की मांग की, ताकि मजदूरों को बाहर जाने के लिए मजबूर न होना पड़े।
वहीं, परिजनों और स्थानीय लोगों ने सरकार एवं जनप्रतिनिधियों से मदद की गुहार लगाई है।



