आइआइटी-आइएसएम में एक्जीक्यूटिव एमबीए के लिए आवेदन शुरू

Advertisements

आइआइटी-आइएसएम में एक्जीक्यूटिव एमबीए के लिए आवेदन शुरू

डीजे न्यूज, धनबाद: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (इंडियन स्कूल ऑफ माइंस) धनबाद ने एक्जीक्यूटिव एमबीए कार्यक्रम (सत्र 2026–28) के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। संस्थान की वेबसाइट पर 15 मार्च से ऑनलाइन आवेदन पोर्टल चालू हो गया है। यह कार्यक्रम खास तौर पर कार्यरत पेशेवरों, अधिकारियों और उद्यमियों के लिए तैयार किया गया है, ताकि वे अपनी नौकरी जारी रखते हुए प्रबंधन की पढ़ाई कर सकें।

यह कार्यक्रम प्रबंधन अध्ययन एवं औद्योगिक अभियंत्रण विभाग द्वारा संचालित किया जाता है। एक्जीक्यूटिव एमबीए की शुरुआत वर्ष 2012 में हुई थी और अब इसे दो वर्षीय कार्यक्रम (चार सेमेस्टर) के रूप में संचालित किया जा रहा है।

कार्यक्रम की कक्षाएं मुख्य रूप से ऑनलाइन माध्यम से आयोजित होंगी। बुधवार से शनिवार तक शाम 7 बजे से 9:50 बजे तक और रविवार को सुबह 10 बजे से शाम 5:50 बजे तक कक्षाएं चलेंगी। वहीं मिड-सेमेस्टर और एंड-सेमेस्टर परीक्षाएं ऑफलाइन मोड में आईआईटी (आईएसएम) धनबाद तथा संस्थान के कोलकाता और दिल्ली केंद्रों में आयोजित की जाएंगी।

प्रबंधन अध्ययन एवं औद्योगिक अभियंत्रण विभाग के अध्यक्ष प्रो. संदीप मंडल ने बताया कि यह कार्यक्रम कार्यरत पेशेवरों को आधुनिक प्रबंधन ज्ञान और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि इससे प्रतिभागियों को बदलते व्यावसायिक माहौल में बेहतर निर्णय लेने और प्रबंधन कौशल को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में पहले से ही कोल इंडिया और उसकी सहायक कंपनियां, एसबीआई और अन्य सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक, एचडीएफसी बैंक, सेल, टीसीएस, टाटा स्टील, टाटा पावर, टाटा मोटर्स, एनटीपीसी, भारतीय रेल, इन्फोसिस, पीडब्ल्यूसी, ओएनजीसी और आईओसीएल जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं के अधिकारी भाग ले चुके हैं।

एक्जीक्यूटिव एमबीए कार्यक्रम के समन्वयक प्रो. नीलाद्रि दास ने बताया कि प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को आईआईटी (आईएसएम) धनबाद में आयोजित लिखित परीक्षा देनी होगी, जिसमें अभ्यर्थियों की प्रबंधकीय क्षमता और सामान्य जागरूकता का आकलन किया जाएगा। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को ऑनलाइन साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा और अंतिम चयन लिखित परीक्षा व साक्षात्कार के संयुक्त अंकों के आधार पर किया जाएगा।

इस कार्यक्रम के लिए कुल शुल्क दो वर्षों के लिए 6 लाख रुपये निर्धारित किया गया है, जिसे सेमेस्टर के आधार पर जमा करना होगा। कार्यक्रम में 100 सीटें उपलब्ध हैं और प्रवेश में भारत सरकार के आरक्षण नियमों का पालन किया जाएगा।

पात्रता के लिए अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से स्नातक डिग्री (10+2+3) में कम से कम 50 प्रतिशत अंक होने चाहिए, जबकि एससी, एसटी और दिव्यांग वर्ग के लिए 45 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं। साथ ही अभ्यर्थियों के पास कम से कम एक वर्ष का कार्य अनुभव होना चाहिए। उद्यमियों के मामले में उनके पास पंजीकृत फर्म और न्यूनतम 20 लाख रुपये का वार्षिक टर्नओवर (पिछले वर्ष के ऑडिटेड वित्तीय विवरण के अनुसार) होना आवश्यक है।

इच्छुक अभ्यर्थी संस्थान की वेबसाइट www.iitism.ac.in
पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क 2000 रुपये निर्धारित किया गया है।

कार्यक्रम की आवेदन की अंतिम तिथि 31 मई  है। लिखित परीक्षा 14 जून को होगी, जबकि ऑनलाइन साक्षात्कार 16 और 17 जून को आयोजित किए जाएंगे। परिणाम 3 जुलाई (संभावित) को घोषित किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों का प्रवेश 6 से 13 जुलाई के बीच होगा और कक्षाएं 25 जुलाई से शुरू होंगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top