



महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में करेंगे सहयोग : चंद्रदेव महतो
डीजे न्यूज, तिसरा(धनबाद) : चांद कुइया पंचायत भवन में रविवार को महिलाओं के प्रशिक्षण एवं रोजगार को लेकर एम एस ग्रुप की ओर से मुखिया लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिंदरी के विधायक चंद्रदेव महतो उपस्थित थे। इस दौरान महिलाओं की ओर से विधायक को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक चंद्रदेव महतो ने कहा, “महिलाएं इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से जो मुहिम चला रही हैं, उसमें हम पूरा सहयोग करेंगे। जरूरत पड़ी तो सरकार की ओर से चलाए जा रहे पलाश कार्यक्रम से भी यहां की महिलाओं को जोड़ा जाएगा, ताकि आने वाले दिनों में वे आत्मनिर्भर बन सकें।” उन्होंने कहा कि किसी भी काम को करने के लिए सबसे पहले उसमें रुचि लेनी जरूरी है। इसके बाद लगन और इच्छा शक्ति से हर काम संभव हो जाता है।
वहीं मुखिया प्रतिनिधि मनोज सिंह ने बताया कि संस्था के माध्यम से महिलाओं को स्वावलंबी बनाने का प्रयास किया जा रहा है। यहां महिलाओं को विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण दिए जाएंगे और समूह बनाकर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा। संस्था की ओर से उत्पादित सामान को बाजार तक पहुंचाने में भी सहयोग किया जाएगा।
प्रसिद्ध उद्योगपति सुमन अग्रवाल ने कहा कि महिलाएं मशरूम, करी पत्ता, सहजन, सरसों और मरुआ जैसी फसलों की खेती कर सकती हैं। इसके अलावा मसाला तैयार कर पैकिंग का काम भी किया जाएगा। जो महिलाएं मसाला पीसकर पैक करेंगी, उसके विपणन का कार्य संस्था द्वारा किया जाएगा। इससे महिलाओं को रोजगार मिलेगा और वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकेंगी। उन्होंने गोबर के उपला निर्माण की भी बात कही। साथ ही महिलाओं के लिए ब्यूटीशियन कोर्स और सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम भी चलाने की जानकारी दी।
मौके पर एम एस ग्रुप के शगुफ्ता रहमान, पुष्पा देवी, पूनम देवी, दीपा, पदमा, निशा देवी, अहलाद महतो, अमृत महतो, श्याम सिंह, बैजनाथ सिंह, संजय, दिनेश पंडित, किशोर सिंह, सुमन अग्रवाल, पिंकी खान, माया सिंह, चंदन, रघुनंदन सिंह, पंकज सिंह, जगत सिंह, पूनम सिंह, सुनीता बाउरी, मधु बाउरी, इंदु देवी, बिंदु देवी, प्रमिला बाउरी सहित कई लोग उपस्थित थे।



