प्रिंस खान मामले पर झरिया विधायक का सरकार पर तीखा सवाल

Advertisements

प्रिंस खान मामले पर झरिया विधायक का सरकार पर तीखा सवाल

डीजे न्यूज, धनबाद: झरिया विधायक रागिनी सिंह ने गैंगस्टर प्रिंस खान के मामले को लेकर सरकार पर तीखा सवाल उठाया। मंत्री योगेंद्र प्रसाद द्वारा दिए गए जवाब से असंतुष्ट होकर विधायक रागिनी ने सदन में पूछा कि आखिर प्रिंस खान किसके संरक्षण में यहां से फरार हुआ और उस समय ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों की भूमिका की जांच क्यों नहीं की गई।

विधायक ने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में एक कुख्यात अपराधी पुलिस प्रशासन की नाक के नीचे से फरार हो गया। उन्होंने सरकार से स्पष्ट जवाब मांगते हुए कहा कि यदि किसी पुलिस अधिकारी की लापरवाही या संरक्षण के कारण यह घटना हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि धनबाद जैसे संवेदनशील औद्योगिक क्षेत्र में संगठित अपराध की गतिविधियां पहले से ही चिंता का विषय रही हैं, ऐसे में प्रिंस खान जैसे अपराधी का फरार होना कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

झरिया विधायक ने सरकार से मांग की कि इस पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और यह स्पष्ट किया जाए कि आखिर किसके संरक्षण में प्रिंस खान देश से बाहर भागने में सफल हुआ।

साथ ही उन्होंने कहा कि यदि सरकार इस मामले में पारदर्शी जांच नहीं कराती है तो यह माना जाएगा कि अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है, जो राज्य की कानून व्यवस्था के लिए बेहद खतरनाक संकेत है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top