



गोलमारा में प्रकृति पूजा का बाहा पर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया
डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी,धनबाद :
पूर्वी टुंडी प्रखंड के रघुनाथपुर पंचायत अंतर्गत गोलमारा गांव में आदिवासी समाज का प्रमुख प्रकृति पूजा पर्व बाहा पर्व धूमधाम और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सोनोत संथाल समाज पूर्वी टुंडी प्रखंड अध्यक्ष संदीप हांसदा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
पर्व के दौरान गांव के नायकी बाबा बाबूजन टुडू ने पवित्र स्थल जाहेरथान में विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रकृति देवता से गांव की सुख-समृद्धि, अच्छी फसल और सभी के मंगल की कामना की।
बताया गया कि बाहा पर्व संथाल समाज का महत्वपूर्ण त्योहार है, जो बसंत ऋतु में फागुन महीने में मनाया जाता है। यह तीन दिवसीय प्रकृति पूजा का पर्व होता है। इस दौरान जाहेरथान में साल के फूल चढ़ाकर पूजा की जाती है तथा पारंपरिक नृत्य और संगीत के साथ सादे पानी से होली खेलकर खुशियां मनाई जाती हैं।
इस अवसर पर बोदीनाथ बेसरा, अरुण टुडू, परेश मरांडी, मुनिलाल टुडू, मनोज मरांडी, नरेश मरांडी, अर्जुन टुडू, रूपलाल मरांडी, सुखलाल मुर्मू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।



