नशामुक्त समाज बनाने के लिए सभी की भागीदारी जरूरी : नमन प्रियेश लकड़ा

Advertisements

नशामुक्त समाज बनाने के लिए सभी की भागीदारी जरूरी : नमन प्रियेश लकड़ा

देवघर जिले को नशा मुक्त बनाने को लेकर उपायुक्त ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
डीजे न्यूज, देवघर : जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से बुधवार को समाहरणालय परिसर से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम की अगुवाई उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा ने की। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना है।
मीडिया से बातचीत करते हुए उपायुक्त ने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सभी लोगों की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि हमें खुद जागरूक होकर दूसरों को भी जागरूक करना होगा, तभी जिले को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य पूरा किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि जागरूकता अभियान के तहत यह रथ जिले के सभी दस प्रखंडों की 194 पंचायतों में जाकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करेगा। रथ के माध्यम से शराब, सिगरेट, तंबाकू और ड्रग्स जैसे नशीले पदार्थों से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं, पारिवारिक कलह और सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी जाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि वर्तमान समय में नशा युवाओं के लिए गंभीर समस्या बनता जा रहा है, जिससे उनकी सेहत और भविष्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में सामाजिक संगठनों, युवाओं और समाज के सभी वर्गों को मिलकर नशामुक्ति अभियान को सफल बनाना होगा।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता हीरा कुमार, जिला नजारत उप समाहर्ता शैलश प्रियदर्शी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी रंजना कुमारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, डीएमएफटी टीम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top