



बलियापुर में दो दुकानों से नकदी समेत ढाई लाख के कीमती कपड़ों की चोरी

डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): बलियापुर थाना क्षेत्र के हटिया के पास स्थित जीशान क्लॉथ स्टोर एवं न्यू चाहत रेडीमेड दुकान से शनिवार की रात चोरों ने नगद 65 हजार रुपये सहित ढाई लाख से अधिक मूल्य के कीमती कपड़ों पर हाथ साफ कर दिया। मालूम हो की जीशान क्लॉथ स्टोर, न्यू चाहत रेडीमेड दुकान एवं स्टार टेलर एक ही भवन परिसर में संचालित है तथा तीनों दुकान मोहम्मद इस्लाम एवं उनके पुत्र मोहम्मद जीशान द्वारा संचालित होता है। चोरी गए सामानों में साड़ी, शर्ट, टी-शर्ट, जींस पैंट आदि शामिल है।
घटना की सूचना मिलते ही रविवार को थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार अन्य पुलिस पदाधिकारी के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की विस्तृत जानकारी ली। जांच के क्रम में पुलिस ने घटनास्थल से करीब आधा किलोमीटर दूर आश्रम के पास गंजी से भरा दो पैकेट एवं एक साड़ी बरामद किया है। संभवत चोरों ने घटना को अंजाम देने के पश्चात इसी जगह सामानों का बंटवारा किया होगा। पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले चोरों की तलाश में जुट गई है। थाना प्रभारी ने कहा कि जल्द ही मामले का उदभेदन कर लिया जाएगा।
भुक्तभोगी दुकानदार मोहम्मद इस्लाम ने बताया कि शनिवार की रात करीब 8:45 बजे दुकान बंद कर घर चला गया। रविवार सुबह करीब 9:30 बजे दुकान खोला तो तीनों दुकानों का समान अस्त व्यस्त देख दंग रह गया।




