



राजगंज इंटर कॉलेज में छात्रों ने किया तोड़ फोड़ मचाया उत्पात

डीएवी व एमडी कॉलेज के छात्रों पर आरोप
डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद): शनिवार को राजगंज इंटर कॉलेज में परीक्षा के दौरान कुछ छात्रों द्वारा उत्पात मचाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, परीक्षा देने आए कुछ छात्रों ने कॉलेज परिसर स्थित नव-निर्मित शौचालय में तोड़फोड़ कर दी। दीवार और पाइप को नुकसान पहुंचाया गया, जिससे पानी बहने लगा और वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जाता है कि घटना शनिवार को द्वितीय पाली में हिंदी की परीक्षा के दौरान हुई। निर्धारित समय दोपहर 2 बजे से परीक्षा शुरू हुई थी। इसी बीच कुछ छात्र शौचालय में गए और वहां तोड़फोड़ कर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कॉलेज प्रबंधन मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। प्रभारी प्राचार्य संजीव गुप्ता ने मामले की जानकारी राजगंज थाना पुलिस को दी। उन्होंने बताया कि डीएवी व एमडी कॉलेज के कुछ छात्रों पर उत्पात मचाने का आरोप है।
कॉलेज में सेंटर होने के कारण बड़ी संख्या में परीक्षार्थी मौजूद थे। घटना के बाद कुछ समय के लिए परीक्षा कार्य प्रभावित हुआ, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य कर दी गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दोषियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की जा रही है।




