



भूमि आउटसोर्सिंग पैच से धुआं निकलने से अफरातफरी

ग्रामीणों ने तेतुलमारी- राजगंज मुख्य मार्ग को किया जाम
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद):: बीसीसीएल के कतरास क्षेत्र अंर्तगत एकेडब्लूएमसी में संचालित भूमि पैच में गैलरी खुलने से शनिवार को अचानक धुआं निकलने लगा। धुआं इतना प्रचंड था कि देखते ही देखते तेतुलमारी के कई बस्ती इसके चपेट में आ गए। ग्रामीणों को सांस लेने में तकलीफ होने लगी। धुआं से प्रभावित पाण्डेयडीह टिल्हा के ग्रामीणों ने तेतुलमारी–राजगंज मुख्य मार्ग को लगभग आधे घंटे तक जाम कर विरोध जताया।
ग्रामीणों का कहना है कि भूमि पैच के कार्य के दौरान गैलरी काटने से लगातार धुआं निकल रहा है, जिससे आसपास के लोगों की जान-माल की सुरक्षा पर खतरा उत्पन्न हो गया है। आक्रोशित ग्रामीणों ने नया मोड़ तेतुलमारी मुख्य सड़क पर पत्थर रखकर आवागमन बाधित कर दिया और प्रबंधन के खिलाफ नाराज़गी जताई।

सूचना पाकर तेतुलमारी पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुँची। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद सड़क जाम समाप्त हुआ और यातायात बहाल कर दिया गया।
वहीं भूमि प्रबंधन की ओर से बताया गया कि गैलरी से धुआँ निकलने की सूचना मिलते ही रोकथाम के लिए आवश्यक कार्य शुरू कर दिया गया है। प्रबंधन का दावा है कि जल्द ही स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया जाएगा।




