


गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य सड़क पर कार और बाइक में टक्कर, दो घायल 

डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी(धनबाद) : गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य सड़क पर लटानी के पास सोमवार शाम लगभग पांच बजे एक कार और बाइक में सीधी टक्कर हो गई जिसमें कार चालक और बाइक चालक दोनों ही घायल हो गए जबकि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि जामताड़ा जिले के पांडेडीह निवासी कार चालक सुमित मिश्रा अपने माता-पिता और भाई के साथ वेन्यू कार संख्या जेएच 10 डीई 8540 पर सवार होकर धनबाद से अपने घर पांडेडीह लौट रहे थे जबकि सड़क निर्माण कंपनी त्रिवेणी इंजिकोन्स के हाइड्रा आपरेटर रियाज अंसारी (35) अपनी बाइक संख्या जेएच 10 डीजी 6787 से काम कर रोजा खोलने के लिए रंगडीह(गोविंदपुर थाना क्षेत्र) अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान लटानी भूतगड़िया के पास दोनों के बीच सीधी टक्कर हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार रियाज अंसारी सड़क से लगभग 15 फीट दूर जा गिरा जिससे उसकी कमर, बायां हाथ व दाहिना पैर फ्रैक्चर हो गया जबकि कार भी सड़क से दूर जाकर नाले में घुस गया। जानकारी के अनुसार कार चालक सुमित मिश्रा ने ही घायल बाइक चालक को किसी अन्य वाहन से इलाज के लिए अस्पताल लेकर गया। घटना की सूचना पाकर पूर्वी टुंडी थाना प्रभारी नीतीश कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और कार चालक के परिजनों को सुरक्षित घर पहुंचाने का प्रबंध कराया। पुलिस ने बुरी तरह क्षतिग्रस्त बाइक और कार को जब्त कर लिया है।




