



वार्ड 18 में हुई गोलीबारी में जख्मी एक की हालत स्थिर, दूसरे के पैर में लगी चोट

जिला प्रशासन ने बयान जारी कर बताया-स्थिति नियंत्रित, एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
मामले की गंभीरता से की जा रही जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी

डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिला प्रशासन की ओर से बयान जारी कर बताया गया कि नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत शांतिपूर्ण मतदान संपन्न होने के बाद गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 18 में एक स्थान पर गोलीबारी की घटना सामने आई, जिसमें दो लोग घायल हो गए।

घटना में एक व्यक्ति के सिर में गंभीर चोट लगी है, जिन्हें तत्काल एसएनएमएमसीएच धनबाद रेफर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। वहीं दूसरे व्यक्ति के पैर में चोट आई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद खतरे से बाहर बताया गया है। दोनों घायलों के स्वास्थ्य पर जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक एवं पुलिस दल मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया गया। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन ने आम नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।




