



निष्पक्ष व भयमुक्त मतदान के लिए देवघर उपायुक्त ने संभाली कमान, बूथों का किया निरीक्षण
डीजे न्यूज, देवघर : नगरपालिका आम निर्वाचन–2026 के तहत चल रहे मतदान को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त श्री नमन प्रियेश लकड़ा ने जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान उन्होंने सूचना भवन, सहकारिता कार्यालय, खनन कार्यालय, पीएचडी कार्यालय एवं रेडरोज स्कूल परिसर में बनाए गए विभिन्न बूथों का दौरा किया। इस क्रम में उन्होंने विधि-व्यवस्था की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था, बीएलओ की उपस्थिति, मतदाताओं की सुव्यवस्थित कतार, दिव्यांग एवं बुजुर्ग मतदाताओं के लिए की गई विशेष व्यवस्था, बिजली-पानी, शौचालय, साफ-सफाई, रैंप, व्हीलचेयर सहित चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित न्यूनतम मूलभूत सुविधाओं (AMF) की उपलब्धता की गहन समीक्षा की।
उपायुक्त ने निरीक्षण के दौरान मतदाताओं से बातचीत कर उन्हें अपने परिवारजनों के साथ शत-प्रतिशत मतदान करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी चुनाव कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।




