



गिरिडीह के प्रवासी मजदूर की मलेशिया में मौत, अडवारा गांव में पसरा मातम

डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत अडवारा पंचायत के एक प्रवासी मजदूर की मलेशिया में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान अडवारा निवासी स्वर्गीय झमन सिंह के 36 वर्षीय पुत्र वकील सिंह के रूप में हुई है।
परिजनों को गुरुवार देर शाम उसकी मौत की सूचना मिली। बताया जाता है कि वकील सिंह पिछले दो वर्षों से मलेशिया में कार्यरत थे। वे निर्माण क्षेत्र की प्रमुख कंपनी Larsen & Toubro Limited (एल एंड टी) में काम कर रहे थे। हालांकि उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी अब तक परिवार को नहीं मिल पाई है।
मृतक अपने पीछे पत्नी मुन्नी देवी समेत चार बच्चों—रूपा कुमारी (20), सुजीत (18), काजल कुमारी (17) और नीतू कुमारी (13)—को छोड़ गए हैं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर है।
प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना की सूचना मिलते ही सामाजिक कार्यकर्ता सिकन्दर अली मृतक के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि गिरिडीह, बोकारो और हजारीबाग सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में युवा रोजगार की तलाश में विदेश जाते हैं, जहां कार्य के दौरान दुर्घटनाओं में उनकी मौत की घटनाएं सामने आती रहती हैं।
सिकन्दर अली ने राज्य एवं केंद्र सरकार से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के स्थायी अवसर सृजित करने की मांग की। उनका कहना है कि यदि स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराया जाए तो युवाओं को विदेश जाने की मजबूरी कम होगी और इस तरह की दुखद घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकेगा।




