न्यायालय के लंबित वादों का शीघ्र करें निष्पादन : नमन प्रियेश लकड़ा

Advertisements

न्यायालय के लंबित वादों का शीघ्र करें निष्पादन : नमन प्रियेश लकड़ा

डीजे न्यूज, देवघर : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में विधि शाखा से संबंधित विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान उच्च एवं उच्चतम न्यायालय से जुड़े मामलों में विभागवार प्रति शपथ पत्र दायर करने की स्थिति तथा लंबित वादों की अद्यतन समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को न्यायालयीन मामलों के निष्पादन में तेजी लाने के लिए आवश्यक एवं उचित दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में एम्स देवघर से संबंधित नागरिक बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के विषय पर भी विस्तृत चर्चा की गई। उपायुक्त ने अग्निशमन पदाधिकारी को निर्देशित किया कि एम्स देवघर में समय-समय पर फायर से संबंधित मॉक ड्रिल आयोजित कराई जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। साथ ही उन्होंने पुनासी अथवा अन्य माध्यमों से एम्स देवघर में जलापूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर तकनीकी जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया।
इसके अतिरिक्त एम्स देवघर से जुड़े बेहतर सड़क संपर्क, बाउंड्रीवाल, पेयजल आपूर्ति एवं विद्युत आपूर्ति जैसे मुद्दों पर भी समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिन मामलों में न्यायालय में प्रति शपथ पत्र दाखिल किया जाना है, उन सभी मामलों में संबंधित पदाधिकारी ससमय कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने विभिन्न न्यायालयों में लंबित वादों की प्रगति रिपोर्ट की जानकारी प्राप्त की और निर्देश दिया कि समुचित तथ्यों के साथ प्रभावी प्रतिवेदन न्यायालयों में समय पर प्रस्तुत किया जाना अनिवार्य है। साथ ही प्रत्येक वाद की नियमित मॉनिटरिंग एवं आवश्यकतानुसार विधिक परामर्श प्राप्त कर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
मौके पर अपर समाहर्ता हीरा कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी देवघर रवि कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमर कुमार, जिला सहकारिता पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता विद्युत प्रमंडल देवघर, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल देवघर सहित संबंधित विभागों के कार्यपालक अभियंता, अंचलाधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top