



महेंद्र सिंह शहादत दिवस : बगोदर में दीवार लेखन, धान संग्रह अभियान व ग्राम सभाएं आयोजित

डीजे न्यूज, बगोदर (गिरिडीह) : बगोदर के ग्रामीण अंचलों में बगोदर के पूर्व विधायक व झारखंड के चर्चित लोकप्रिय जननेता शहीद कॉमरेड महेंद्र सिंह के शहादत दिवस 16 जनवरी के अवसर पर बगोदर बस स्टैंड में आयोजित होने वाली विशाल जनसंकल्प सभा की सफलता को लेकर सघन दीवार लेखन, धान संग्रह अभियान एवं ग्राम सभाओं का आयोजन किया जा रहा है।

इसी क्रम में रविवार को बगोदर के टुकटुको गांव में धान संग्रह अभियान चलाया गया, जिसका नेतृत्व भाकपा (माले) के राज्य कमिटी सदस्य पूनम महतो, तेजनारायण पासवान, भुनेश्वर महतो, रामदेव महतो एवं राजकुमार दास ने किया। वहीं अटका-सरिया मुख्य पथ, टुकटुको, कुम्हराबंध और लुकुइया गांव में आइसा कार्यकर्ताओं द्वारा दीवार लेखन किया गया।
प्रखंड के तिरला गांव में इनौस के राज्य अध्यक्ष संदीप जायसवाल, पूर्व प्रमुख मुस्ताक अंसारी एवं मुखिया सरिता साव के नेतृत्व में ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इसके अलावा माले नेता पुरन कुमार महतो के नेतृत्व में देवराडीह के कंजिया में तथा बगोदर उप प्रमुख के नेतृत्व में बनपुरा गांव में भी ग्राम सभाएं आयोजित की गईं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए भाकपा (माले) प्रखंड सचिव परमेश्वर महतो ने बताया कि शहादत दिवस को ऐतिहासिक बनाने के लिए लगातार जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बगोदर बाजार क्षेत्र में भी लाल झंडे लगाए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को 16 जनवरी को आयोजित जनसंकल्प सभा में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जा सके।



