धनबाद नगर निगम के खिलाफ रागिनी सिंह का मोर्चा अनिश्चितकालीन धरना पर बैठने का किया ऐलान

Advertisements

धनबाद नगर निगम के खिलाफ रागिनी सिंह का मोर्चा

अनिश्चितकालीन धरना पर बैठने का किया ऐलान

डीजे न्यूज, धनबाद: नगर निगम के उदासीन और तानाशाही रवैये के खिलाफ अब झरिया विधायक सह जनता श्रमिक संघ की महामंत्री रागनी सिंह भी खुलकर मैदान में उतर आई हैं। उन्होंने ऐलान किया है कि शुक्रवार से धनबाद नगर निगम कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। यह धरना नगर निगम के सफाई कर्मियों की लंबित मांगों और उनके अधिकारों के समर्थन में किया जाएगा।

बता दें कि धनबाद नगर निगम के सफाई कर्मी पिछले चार दिनों से बस स्टैंड परिसर में विभिन्न मांगों को लेकर धरना पर बैठे हुए हैं। सफाई कर्मियों का कहना है कि उन्हें समय पर वेतन, मूलभूत सुविधाएं, सुरक्षा उपकरण और अन्य वैधानिक अधिकार नहीं दिए जा रहे हैं। बार-बार मांग रखने के बावजूद नगर निगम प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

धरना स्थल पर पहुंचकर विधायक रागनी सिंह ने सफाई कर्मियों के आंदोलन को अपना समर्थन दिया और नगर निगम प्रशासन पर तीखा हमला बोला।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि नगर आयुक्त को स्वयं धरना स्थल पर पहुंचकर सफाई कर्मियों से बातचीत करनी चाहिए थी, लेकिन तानाशाही रवैये के कारण नगर आयुक्त का यहां न पहुंचना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि सफाई कर्मियों का हक लगातार मारा जा रहा है और जो सुविधाएं उन्हें मिलनी चाहिए, वह भी नहीं दी जा रही हैं।

रागिनी सिंह ने कहा कि सफाई कर्मी शहर की रीढ़ हैं, उनके बिना शहर की स्वच्छता और व्यवस्था की कल्पना नहीं की जा सकती। इसके बावजूद उन्हें उपेक्षित किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक सफाई कर्मियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा और नगर निगम कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।

इस ऐलान के बाद नगर निगम प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है। अब देखना यह होगा कि नगर आयुक्त और निगम प्रशासन सफाई कर्मियों की मांगों को लेकर क्या रुख अपनाते हैं और क्या बातचीत के जरिए इस गतिरोध को खत्म किया जा सकेगा या आंदोलन और तेज होगा।
वही जनता श्रमिक संघ के नेता शैलेन्द्र सिंह उर्फ छोटू ने कहा कि नगर आयुक्त ने कहा है कि वो झरिया में अपनी सेवाएं बंद कर देंगे तो नगर आयुक्त ये समझ ले झरिया वीरों की धरती है और अगर वहां सेवाएं बंद होगी तो नगर आयुक्त की भी धनबाद में बैठना दूभर कर दिया जाएगा। हम सभी एकजुट होकर मजदूरों की इस लड़ाई में उनके साथ है और जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता आंदोलन जारी रहेगा।
इस दौरान मुख्य रूप से जनता श्रमिक संघ के हुजैफा अंसारी, संजय यादव, धीरज यादव, सुनील कुमार वर्मा, रॉबिन गयाली, सन्नी सिंह, प्रेम प्रकाश पासवान, सतेंद्र नोनियां, राजेश रजक, रोहित सिन्हा आदि मौजूद रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top