



गांधी के नाम से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं : कांग्रेस
टावर चौक पर मनरेगा का नाम बदलने के खिलाफ कांग्रेस का आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन

डीजे न्यूज, गिरिडीह : महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना का नाम बदलने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा टावर चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, महिलाएं एवं समर्थक शामिल हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “गांधी का नाम मिटाना बंद करो” और “गोडसेबाद मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए टावर चौक पहुंचे और केंद्र सरकार की नीति के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश केडिया ने कहा कि गांधी को विचारधारा से मिटाना असंभव है। उन्होंने आरोप लगाया कि गोडसेवादी सोच गांधी के नाम और उनकी विरासत को खत्म करने की साजिश कर रही है।
सतीश केडिया ने कहा कि गांधी पूरी दुनिया के आदर्श हैं। सौ से अधिक देशों में उनकी प्रतिमाएं स्थापित हैं और विश्व के अनेक राष्ट्राध्यक्ष भारत आने पर सबसे पहले गांधीजी को नमन करते हैं। ऐसे में गांधी के नाम पर चल रही योजना का नाम बदलना न केवल अपमानजनक है, बल्कि यह मजदूरों के अधिकारों पर भी सीधा हमला है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मनरेगा में 40 प्रतिशत राज्य और 60 प्रतिशत केंद्र के योगदान की नई व्यवस्था गरीब राज्यों को कमजोर करने की साजिश है, ताकि वे इस योजना को सही ढंग से लागू न कर सकें और मजदूरों को निजी उद्योगों के लिए सस्ते श्रमिक के रूप में उपलब्ध कराया जा सके। कांग्रेस पार्टी मजदूरों के हक की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
इस विरोध प्रदर्शन में अशोक विश्वकर्मा, दिनेश विश्वकर्मा, मनोज राय, अभिनंदन प्रताप सिंह, निजामुद्दीन अंसारी, मोहम्मद निजामुद्दीन, धनंजय गोस्वामी, नागेश्वर मंडल, इतवारी वर्मा, गायत्री देवी, लक्ष्मी कुमारी, अशोक कुमार निराला, महेश प्रसाद, अरुण मंगल, प्रभात सिंह, मोहन शाव, भोला यादव, यश सिन्हा, मोहम्मद सोहेल, सरफराज अंसारी, विनीत भास्कर, मोहम्मद आलम, अहमद राजा, नूरी, जुनेद आलम, गुड्डू मलिक, गुड्डू मलिक, जोगेश्वर महथा, पंकज सागर, त्रिभुवन प्रसाद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
