सक्रिय सदस्यों की सूची जारी होते ही भाजपा में बवाल 

Advertisements

सक्रिय सदस्यों की सूची जारी होते ही भाजपा में बवाल

 

निवर्तमान मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल, भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश पांडेय, संजय झा, नितीन भट्ट, प्रियंका पाल, चंद्रशेखर मुन्ना, ग्रामीण भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष जयप्रकाश सिंह, रति रंजन गिरी, विक्रांत उपाध्याय समेत दर्जनों दिग्गजों को सक्रिय सदस्य तक नहीं बनाया गया

 

सांसद ढुलू महतो के बुलावे पर संजय झा, नितीन भट्ट के नेतृत्व में दर्जनों नेता दिल्ली रवाना, भाजपा नेतृत्व के पास उठेगा मुद्दा, जमीनी कार्यकर्ता सोशल मीडिया में भी खुलकर जता रहे विरोध  

दिलीप सिन्हा, प्रधान संवाददाता, देवभूमि झारखंड न्यूज धनबाद : एक बहुत पुरानी कहावत है सिर मुड़ाते ही ओले पड़े। भाजपा में यह कहावत पूरी तरह से चरितार्थ हो रही है। झारखंड भाजपा में बिल्कुल यही हो रहा है। सांगठनिक चुनाव में बुरी तरह से पिछड़ने के बाद पार्टी ने प्रथम चरण में बुधवार को सक्रिय सदस्यों की सूची जारी कर दी। इस सूची के जारी होते ही भाजपा में बवाल मच गया। बवाल मचे भी क्यों नहीं, गुटबाजी के कारण पार्टी के दर्जनों समर्पित एवं दिग्गज नेताओं को सक्रिय सदस्य तक नहीं बनाया गया। सेटिंग-गेटिंग कर ऐसे नेताओं के नाम कटवा दिए गए। जाहिर है, इसका विरोध होना था। वही हुआ। लिस्ट जारी होते ही बवाल मच गया। धनबाद के सांसद ढुलू महतो ने आक्रोशित नेताओं को तुरंत दिल्ली बुला लिया। सांसद के बुलावे पर संजय झा, नितीन भट्ट के नेतृत्व में दर्जनों नेता बुधवार की रात ही राजधानी एक्सप्रेस से दिल्ली रवाना हो गए।

 

बीएलए नियुक्ति प्रभारी नहीं बनाने से रागिनी और तारा देवी के समर्थकों में आक्रोश

इतना ही नहीं बीएलए की नियुक्ति के लिए पार्टी ने अपने विधायकों एवं विधानसभा चुनाव लड़े प्रत्याशियों को प्रभारी नियुक्त किया है। आपको जानकर आश्चर्य होगा कि इसके बावजूद झरिया की विधायक रागिनी सिंह एवं सिंदरी की प्रत्याशी रहीं तारा देवी की छुट्टी कर दी गई। धनबाद विधानसभा क्षेत्र से विधायक राज सिन्हा, बाघमारा विधानसभा क्षेत्र से विधायक शत्रुघन महतो, निरसा विधानसभा क्षेत्र से अपर्णा सेनगुप्ता एवं टुंडी विधानसभा क्षेत्र से विकास महतो को प्रभारी बनाया गया। वहीं झरिया से राजकुमार अग्रवाल एवं सिंदरी से धर्मजीत सिंह को प्रभारी बनाया गया है। इससे रागिनी सिंह एवं तारा देवी के समर्थकों में भारी गुस्सा है।

 

इन दिग्गज नेताओं को नहीं बनाया गया प्राथमिक सदस्य

 

निवर्तमान मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रियंका पाल, भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश पांडेय, पूर्व महामंत्री संजय झा, सांसद प्रतिनिध नितीन भट्ट, ग्रामीण भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष जयप्रकाश सिंह, अशोक सिन्हा, चंद्रशेखर मुन्ना, जयंत चौधरी, बाबी पांडेय, अशोक गुप्ता, कमल किशोर, सावित्री महतो, उमेश यादव, अभिषेक पांडेय, संतोष शर्मा, बिरजू रवानी, जितेन रवानी, रति रंजन गिरी, विक्रांत उपाध्याय, नीतू शंकर, राजू सिंह, मनोज सिंह, बाघमारा के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष बच्चू राय, अवध चौधरी, रिंटू पाठक समेत दर्जनों दिग्गज नेताओं को प्राथमिक सदस्य तक नहीं बनाया गया है। यह बात पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं को पच नहीं रही है।

 

लोकसभा चुनाव में विरोध करने के आरोप में जिनको-जिनको शो-कॉज मिला सभी बन गए सक्रिय सदस्य

 

सांसद ढुलू महतो के समर्थकों का कहना है कि लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी का विरोध करने के आरोप में जिनको-जिनको शो-कॉज किया गया था, सभी सक्रिय सदस्य बनने में सफल रहे हैं। इधर रागिनी सिंह के समर्थकों का भी कहना है कि जानबूझकर रागिनी सिंह के समर्थकों को सक्रिय सदस्य नहीं बनाया गया।

 

मंडल अध्यक्षों की घोषणा के बाद बवाल और बढ़ेगा

 

भाजपा गुरुवार को मंडल अध्यक्षों की घोषणा कर सकती है। मंडल अध्यक्षों की घोषणा के बाद यह बवाल और बढ़ेगा। कारण, सक्रिय सदस्यों की तरह ही मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर भी रस्साकसी चल रही है। इधर ग्रामीण भाजपा के जिलाध्यक्ष घनश्याम अग्रवाल ने बताया कि ग्रामीण जिला में 767 सक्रिय सदस्य बनाए गए हैं। उन्होंने जितने नाम भेजे थे, सभी को सक्रिय सदस्य बना दिया गया है। अभी कुछ और लोगों को सक्रिय सदस्य बनाया जाएगा।

 

सोशल मीडिया पर जमकर हो रहा विरोध

 

सक्रिय सदस्योंं की सूची जारी होते ही विरोध शुरू हो गया है। पार्टी कार्यकर्ता बगावती तेवर अपनाते हुए सोशल मीडिया पर भी इसका कड़ा विरोध कर रहे हैं। उनमें से कुछ को हम आपके समक्ष पेश कर रहे हैं।

धनबाद मंडल के अध्यक्ष मनोज सिंह लिखते हैं-धनबाद प्रखंड में अजब खेल हुआ है। प्रखंड में जो मंत्री हैं, जो प्रखंड उप प्रमुख प्रतिनिधि हैं, सक्रिय सदस्य से उनका नाम हटा दिया गया है। केंदुआ मंडल के वैसे लोगों के नाम सक्रिय सदस्यों की सूची में शामिल हैं जिन्होंने लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के विरोध में काम किया था। बाबी पांडेय, राजीव महतो, अमित कुमार वर्मा, मनोज ताम्रकर समेत कई कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सदस्यों को बनाने में जो गड़बड़ी हुई है, उसे उठाया है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top