अंडर 17 झारखंड राज्य बालिका फुटबॉल टीम की चयनित जिया सोरेन का नहीं बन पा रहा जन्म प्रमाण पत्र

Advertisements

अंडर 17 झारखंड राज्य बालिका फुटबॉल टीम की चयनित जिया सोरेन का नहीं बन पा रहा जन्म प्रमाण पत्र

दांव पर लग गया आदिवासी बेटी का करियर

डीजे न्यूज, गोविंदपुर, धनबाद : राज्यस्तरीय बालिका फुटबॉल टीम के लिए चयनित एक खिलाड़ी का भविष्य जन्म प्रमाण पत्र के अभाव में दांव पर लग गया है। यदि समय पर उसका जन्म प्रमाण पत्र नहीं बन सका तो वह इस खेल का हिस्सा नहीं बन सकेंगी। जिया कुमारी सोरेन गोविंदपुर प्रखंड की नगरकियारी पंचायत अंतर्गत रांगाटांड़ निवासी गणेश सोरेन की पुत्री हैं। वह प्लस टू हाई स्कूल नगरकियारी की दसवीं की छात्रा हैं। सोरेन ने बताया कि पुत्री को यहां तक पहुंचाने में विद्यालय की प्राचार्य डॉ. मीरा सिंह का काफी सहयोग रहा है। जिया कुमारी का चयन अंडर 17 झारखंड राज्य बालिका फुटबॉल टीम में हो गया है। इसके बाद वह राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेगी। अज्ञानता के कारण अब तक उसका जन्म प्रमाण पत्र नहीं बन सका है, जिसका खामियाजा अब भुगतना पड़ रहा है। गणेश सोरेन अपनी पुत्री का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए प्रखंड कार्यालय की दौड़ लगा रहे हैं। इसके बावजूद जन्म प्रमाण पत्र का कागजात अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय धनबाद नहीं पहुंच सका है। संपर्क करने पर प्रखंड विकास पदाधिकारी जहीर आलम ने कहा कि सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का समापन हो चुका है। जिया कुमारी का जन्म प्रमाण पत्र एक हफ्ता में बनाने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए प्रखंड कार्यालय से विशेष दूत के माध्यम से कागजात अनुमंडल कार्यालय भेजेंगे और अनुमंडल पदाधिकारी से आग्रह कर जिया का प्रमाण पत्र शीघ्र निर्गत कराएंगे। गणेश सोरेन ने प्रखंड कार्यालय में बताया कि संप्रति उसकी पुत्री जिया समेत अन्य जिलों से आईं चयनित बालिकाओं को राज्य सरकार की ओर से रांची में कोचिंग कराया जा रही है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top