




देवघर में शुरू हुआ कुष्ठ रोग खोज अभियान
डीजे न्यूज, देवघर :
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा के निर्देशानुसार आज सोमवार को सदर अस्पताल परिसर में प्रथम चक्र कुष्ठ रोग खोज अभियान 2025-26 का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. युगल किशोर चौधरी द्वारा किया गया। यह विशेष अभियान 10 नवंबर से 26 नवंबर 2025 तक पूरे जिले में चलेगा, जिसके तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव-गांव और घर-घर जाकर संभावित कुष्ठ रोगियों की पहचान करेंगी।

सिविल सर्जन ने बताया कि कुष्ठ रोग पूरी तरह से इलाज योग्य है और समय पर पहचान और उपचार से मरीज सामान्य जीवन जी सकते हैं। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को अभियान की विस्तृत जानकारी दी और माइक्रोप्लान के अनुसार खोज एवं रिपोर्टिंग प्रणाली को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सिविल सर्जन ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इस अभियान का लक्ष्य न केवल मरीजों की खोज है, बल्कि समाज में कुष्ठ रोग से जुड़ी भ्रांतियों को भी दूर करना है।