


गांधी के विचारों से बच्चों ने ली प्रेरणा, गिरिडीह में हुआ शताब्दी समारोह का रंगारंग आयोजन
डीजे न्यूज, गिरिडीह :
महात्मा गांधी के गिरिडीह आगमन की शताब्दी वर्षगांठ को यादगार बनाने के लिए गांधी आगमन शताब्दी समारोह समिति द्वारा रविवार को सर जे.सी. बोस विद्यालय परिसर में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गिरिडीह शहर के 25 से अधिक सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों के लगभग 400 छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में भाग लिया।
उद्घाटन समारोह में रामकृष्ण महिला महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मधुश्री सान्याल, जेएनवी के पूर्व प्राचार्य के. ठाकुर, विद्यालय के प्रधानाचार्य मुन्ना कुशवाहा, अभिव्यक्ति फाउंडेशन के अध्यक्ष कृष्णकांत, निर्णायक मंडल में ललित नारायण कुशवाहा, सुचित्रा बोस, राखी झुनझुनवाला, रेणु कुमारी, प्रभाकर जी और कृष्ण मुरारी शर्मा उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. सान्याल ने कहा कि “महात्मा गांधी का गिरिडीह आगमन हमारे लिए गौरव की बात है। यह शताब्दी समारोह गांधी के विचारों, दर्शन और मूल्यों को आत्मसात करने का अवसर है।”
समारोह के संयोजक सोमनाथ केशरी ने बताया कि कार्यक्रम के तहत कुल छह प्रतियोगिताओं — भाषण, लेख, कोलाज, चित्रकला, कविता पाठ और रंगोली — का आयोजन किया गया। भाषण प्रतियोगिता में 50 से अधिक प्रतिभागियों ने “गांधी के सपनों का भारत” और “वर्तमान समय में गांधी विचारों की प्रासंगिकता” विषय पर अपने विचार व्यक्त किए।
चित्रकला प्रतियोगिता में “गांधी और चरखा” विषय पर बच्चों ने अपनी रचनात्मकता से गांधी जी की स्मृतियों को सजीव किया, जबकि रंगोली प्रतियोगिता में रंगों के माध्यम से गांधी के आदर्शों को चित्रित किया गया। कविता पाठ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी छात्रों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की शुरुआत में अनीशा भदानी के नृत्य ने दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।
विजयी प्रतिभागियों को आगामी 7 अक्टूबर को टाउन हॉल में आयोजित मुख्य समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा तथा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिए जाएंगे।
ज्ञात हो कि महात्मा गांधी के 6 और 7 अक्टूबर 1925 को गिरिडीह और खरगडीहा आगमन के 100 वर्ष पूरे होने पर जिला प्रशासन और समारोह समिति द्वारा विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिताओं, खेलकूद कार्यक्रमों एवं 6 अक्टूबर को खरगडीहा से गिरिडीह तक पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है।
इस विद्यालय स्तरीय कार्यक्रम की सफलता में सरिता कुमारी, रवि स्वर्णकार, नीरीति केसरी, मनीषा कुमारी, अभिनीत कुमार, पूजा शर्मा, शामली मैडम, श्वेता खंडेलवाल, राजेंद्र बरनवाल, रामजी यादव, दीपाली, अनिता और नैना आदि का विशेष योगदान रहा।
