


मां दुर्गा को नम आंखो से दी विदाई
गिरिडीह में भक्ति और भावनाओं का अद्भुत संगम
डीजे न्यूज, गिरिडीह :
दुर्गा पूजा के समापन अवसर पर कर्बला रोड नदी तट पर मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन का अद्भुत नजारा देखने को मिला। गाजे-बाजे और नगाड़ों की थाप पर जहां युवक-युवतियां थिरकते नजर आए, वहीं बुजुर्ग और महिलाएं भी भक्ति में लीन होकर मां की जयकारे लगाने में पीछे नहीं रहीं।
बरमसिया नव युवक समिति की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने माहौल को और अधिक भक्तिमय बना दिया। हर चेहरे पर मां के प्रति आस्था, प्रेम और विदाई का भाव झलक रहा था। नम आंखों से भक्तों ने मां को अंतिम विदाई दी और चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की।
कर्बला रोड नदी किनारे विसर्जन स्थल पर उमड़ी भीड़ और जयकारों की गूंज ने पूरे शहर को भक्ति के रंग में रंग दिया। यह दृश्य गिरिडीह की सड़कों को आस्था के सागर में बदल देने वाला रहा।
