
संगठन की शक्ति और कार्यकर्ताओं के समर्पण की बदौलत ही प्रचंड बहुमत से सत्ता में लौटी सरकार : सुखराम उरांव
पश्चिमी सिंहभूम के भारंडिया में झामुमो का प्रखंड स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन संपन्न, संगठन को मजबूत बनाने पर दिया जोर
डीजे न्यूज, बंदगांव, पश्चिमी सिंहभूम : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की पश्चिमी सिंहभूम जिला संयोजक मंडली के तहत रविवार को बंदगांव प्रखंड के भारंडिया में प्रखंड स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला संयोजक प्रमुख सोनाराम देवगम ने की, जबकि स्थानीय विधायक सुखराम उरांव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
विधायक बोले–संगठन की मजबूती ही जीत की कुंजी
सम्मेलन में विधायक सुखराम उरांव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन ही किसी भी राजनीतिक दल की सबसे बड़ी ताकत होता है। उन्होंने कहा कि झामुमो सरकार संगठन की शक्ति और कार्यकर्ताओं के समर्पण की बदौलत ही प्रचंड बहुमत से सत्ता में लौटी है।
उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में पार्टी कमजोर है, वहां संगठन को मजबूत करने की जरूरत है। विधायक ने कार्यकर्ताओं से नए लोगों को पार्टी में शामिल करने और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में किए जा रहे विकास कार्यों को घर-घर तक पहुंचाने की अपील की।
प्रखंड कमेटी गठन को लेकर बनी सहमति
सम्मेलन में बंदगांव प्रखंड कमेटी के गठन को लेकर विधायक सुखराम उरांव और जिला संयोजक प्रमुख सोनाराम देवगम की मौजूदगी में रायशुमारी की गई। बैठक में सभी कार्यकर्ताओं की सहमति से जल्द ही प्रखंड कमेटी का गठन करने का निर्णय लिया गया।
जिला संयोजक प्रमुख सोनाराम देवगम ने कहा कि पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता ही उसकी सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी को मजबूत करने के लिए जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की फौज तैयार करना और नए सदस्यों की भर्ती करना प्राथमिकता है।
भाजपा छोड़कर झामुमो में शामिल हुए दुम्बी सुरीन
सम्मेलन के दौरान भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष दुम्बी सुरीन ने झामुमो का दामन थाम लिया। विधायक सुखराम उरांव ने उन्हें फूल माला पहनाकर पार्टी में स्वागत किया।
सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने लिया एकजुटता का संकल्प
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि मिथुन गागराई, दिनेश जेना, रामलाल मुंडा, रंजीत मंडल, लखन हेम्ब्रम, पीटर घनश्याम तियु, रघुनाथ तियु, प्रेम मुंडरी, अरूप चटर्जी, बाबूराम बानरा, सुनील लागुरी, पहलवान महतो, दुलाल सेन, श्री गोप, साधु बोदरा, शिवशंकर महतो, सोमा गागराई, मंगरा ओडिया, बाली सामाड, कीस्टो सिंह मुंडा, शंकर नायक, मनोज डांगिल, सुबास कालंदी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यकर्ताओं ने पार्टी संगठन को मजबूत बनाने और आगामी चुनावों में झामुमो की जीत सुनिश्चित करने के लिए एकजुटता का संकल्प लिया।