दहशत फैलाने के लिए जमीन पर की फायरिंग और खुद हो गया जख्मी पुलिस ने लिया हिरासत में, पिस्टल बरामद

Advertisements

दहशत फैलाने के लिए जमीन पर की फायरिंग और खुद हो गया जख्मी
पुलिस ने लिया हिरासत में, पिस्टल बरामद
डीजे न्यूज, देवघर : देवघर जिले के नगर थाना क्षेत्र के बिलासी टाउन के शीतल मल्लिक रोड में शनिवार की रात साढ़े ग्यारह बजे प्रिंंस उर्फ ललन झा नामक युवक अपने ही पिस्टल की गोली से जख्मी हो गया। उसके पैर में गोली लगी है। वह रिखिया थाना क्षेत्र के रामपुर शिवराज कॉलोनी का रहने वाला है। घटना के बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। वह लगातार अपना बयान बदल रहा है।
कभी उसने कहा कि वह बाइक से आया, कभी उसने कहा कि वह दौड़कर घर गया तो कभी पैदल जाने की बात कही। पुलिस खून के निशान की मदद से उसके घर तक पहुंची। पुलिस ने उसके घर से एक पिस्टल और खोखा बरामद किया है। युवक बाइक से बिलासी टाउन के शीतल मल्लिक रोड पहुुंचा था। वहां कांवरियों को लेकर जा रहे एक आटो को रोककर उसने चालक से रंगदारी की मांग की। इस क्रम में उसने दहशत फैलाने के लिए पिस्तौल को जमीन की ओर मुंह करके फायर कर दिया। इस क्रम में गलती से गोली उसके पांव में लग गई। उसके बाद से वह बाइक से अपने घर पहुंचा। वहां हथियार को छुपाने के बाद उसने अपने पांव को कपड़ा से बांधा। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। युवक ने पुलिस को दिए बयान में कहा था कि बाइक सवार बदमाशों ने उसे गोली मार दी है। उसने बताया कि वह रात को पिता की मदद करने के लिए शिवगंगा की ओर जा रहा था। इस दौरान उसे गोली मारी गई थी। लेकिन पुलिस जांच में पूरा मामला ही उल्टा पड़ गया। पुलिस युवक के आपराधिक इतिहास के बारे में पता लगाने का प्रयास कर रही है। हालांकि पुलिस फिलहाल आधिकारिक तौर पर इस मामले में कुछ बता नहीं रही है।
युवक ने आटो को रोककर पहले चालक को धमकाते ही रंगदारी की मांग की। उस आटो में काफी संख्या में कांवरिया बैठे थे। कांवरिया ठीक से बात को समझ पाते उससे पहले गोली चल गई। गोली चलते ही कांवरिया आटो से उतरकर वहां से भागने लगे। बाद में युवक के वहां से जाने के बाद आटो चालक गाड़ी लेकर आगे बढ़ा तो फिर से गाड़ी पर कांवरिया सवार होकर आगे गए।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top