
उच्च विद्यालय पोखरना में फिर चोरी, गैस टंकी व बर्तन हुए गायब, स्कूल प्रशासन ने दर्ज कराई शिकायत
डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : उच्च विद्यालय पोखरना में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्कूल प्रशासन परेशान है। ताजा मामले में अज्ञात चोरों ने विद्यालय के किचन को निशाना बनाते हुए गैस टंकी और बर्तनों की चोरी कर ली।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक संतोष कुमार गुप्ता ने खुखरा थाना में इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। वहीं शिक्षक अशेष तिवारी ने जानकारी दी कि चोरी की घटना रात्रि में हुई, जिसमें किचन से गैस टंकी और कई बर्तन गायब हो गए। हालांकि कुछ बर्तन पास के डोभा (छोटे पोखर) में फेंके हुए मिले, जिन्हें बरामद कर लिया गया है। बाकी सामान चोर ले जाने में सफल रहे। बताया गया कि इससे पूर्व भी विद्यालय में चोरी की कई घटनाएं घट चुकी हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था में कोई ठोस सुधार नहीं हो पाया है। बार-बार हो रही चोरी से विद्यालय की संपत्ति को नुकसान पहुंच रहा है और छात्रों के भोजन व्यवस्था पर भी असर पड़ने की आशंका है।
विद्यालय प्रशासन ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने और चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।