
विश्व पर्यावरण दिवस पर टाटा स्टील में ऑनलाइन क्विज, पौधरोपण, रैली का आयोजन
डीजे न्यूज, झरिया (धनबाद) :
टाटा स्टील झरिया डिवीजन ने विश्व पर्यावरण दिवस 2025 को इस वर्ष की वैश्विक थीम प्लास्टिक प्रदूषण को हराएं के तहत अनेक प्रभावशाली कार्यक्रमों और जागरूकता अभियानों के साथ मनाया। इन आयोजनों का उद्देश्य पर्यावरणीय जागरूकता फैलाना, सतत् जीवनशैली को बढ़ावा देना और सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना रहा।
ऑनलाइन क्विज़
4 जून 2025 को विश्व पर्यावरण दिवस समारोह की शुरुआत एक ऑनलाइन क्विज़ के साथ हुई, जिसमें अधिकारियों के लिए वर्तमान पर्यावरणीय मुद्दों और टाटा स्टील के सस्टेनेबिलिटी लक्ष्यों से जुड़े प्रश्न शामिल थे। इस कार्यक्रम में 50 अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विजेताओं में सब्यसाची साव, सप्लाई एक्जीक्यूटिव, झरिया, निहाल चंद्र दास, असिस्टेंट मैनेजर, बीपीइ, झरिया, आशा कुमारी, मैनेजर, प्रोक्योरमेंट, झरिया शामिल हैं।
दामोदर घाट पर सामूहिक सफाई अभियान
उसी दिन प्लास्टिक प्रदूषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से दामोदर छठ घाट पर एक सामूहिक सफाई अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान में लगभग 50 स्थानीय युवाओं, 15 अधिकारियों और 10 गैर-अधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी दिखाई।
जागरूकता बढ़ाने के लिए रैली का आयोजन
5 जून 2025 को “प्रभात फेरी” रैली को टाटा स्टील, झरिया डिवीजन के जेनरल मैनेजर संजय राजोरिया ने जनरल मैनेजर ऑफिस से टाटा स्टील फाउंडेशन (TSF) कार्यालय तक हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रैली का उद्देश्य प्लास्टिक प्रदूषण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना था। इसमें 150 बच्चों, 15 अधिकारियों, 15 गैर-अधिकारियों तथा सहायक स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर सुब्रत दास (चीफ, जामाडोबा), कौशिक गयेन (हेड, प्लानिंग), पंकज दास (हेड, एच आरबीपी), श्वेता मिश्रा (हेड, एडमिनिस्ट्रेशन), उमेश सिंह (मैनेजर, एनवायरनमेंट) सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।
पौधा वितरण
रैली के उपरांत प्रतिभागियों के बीच पौधों का वितरण किया गया, जो हरित वातावरण की दिशा में एक प्रतीकात्मक कदम था। इसका उद्देश्य समुदाय स्तर पर वृक्षारोपण को प्रोत्साहित करना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को प्रेरित करना था।
क्विज़ एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता
टाटा स्टील फाउंडेशन की पहल पर जामाडोबा स्थित नीट केंद्र में क्विज़ और पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें 50 प्रतिभागियो ने भाग लिया। प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों ने पर्यावरणीय विषयों पर अपनी जागरूकता और रचनात्मकता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। यह आयोजन युवा पीढ़ी में बढ़ती पर्यावरणीय चेतना का प्रतीक रहा।
पौधारोपण अभियान
हरियाली को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से डिगवाड़ीह सैंड बंकर क्षेत्र में एक व्यापक पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व संजय राजोरिया ने किया, जिसमें 20 अधिकारी, 20 गैर-अधिकारी और सहायक कर्मियों ने भाग लिया।
सभी कार्यक्रम झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और टाटा स्टील फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित किए गए, जो टाटा स्टील की पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करते हैं।