मोहनाद कांड में पांच सौ अज्ञात के खिलाफ पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, पथराव की प्राथमिकी

 

टुंडी के सीओ सुरेश वर्णवाल ने कराई दूसरी प्राथमिकी, पहली प्राथमिकी में सरफुद्दीन व मनव्वर गए जेल

टुंडी, धनबाद : टुंडी के बरवाटांड़ पंचायत अंतर्गत मोहनाद में शुक्रवार की शाम हुए बवाल को लेकर दूसरी प्राथमिकी भी टुंडी थाने मेंं दर्ज कर ली गई है। टुंडी के अंचल अधिकारी सुरेश वर्णवाल ने यह प्राथमिकी कराई है।

अंचल अधिकारी वर्णवाल ने पांच सौ अज्ञात लोगों के खिलाफ नाजायज मजमा लगाकर पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर पुलिसकर्मियों को जख्मी करने, पथराव करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी कराई है। टुंडी पुलिस प्राथमिकी कर जांच में जुट गई है। इस मामले में इसके पूर्व माेहनाद गांव के राजकुमार कुंभकार ने गोवंशीय पशु की तस्करी करने की प्राथमिकी कराई है। इस मामले में पुलिस ने मोहनाद गांव के ही सरफुद्दीन अंसारी और वाहन चालक मनव्वर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

 

क्या था मामला :

 

टुंडी के बरवाटांड़ पंचायत अंतर्गत मोहनाद गांव में शुक्रवार की शाम प्रतिबंधित मांस और मालवाहक में गोवंश मिलने के बाद भारी बवाल मच गया था। सैकड़ों आक्रोशित लोगों ने आरोपितों को उसके घर में ही घेर लिया था। इधर मौके पर पहुंची पुलिस को भीड़ से आरोपितों को सुरक्षित निकालकर ले जाने के लिए फायरिंग भी करनी पड़ी थी। फायरिंग और लाठीचार्ज के बाद भीड़ छंट गई थी और पुलिस तीनों आरोपितों को पथराव के बीच सुरक्षित हिरासत में लेकर थाना ले आई थी। पथराव में पुलिसकर्मियों को भी चोट लगी थी। इधर वहां तनाव को देखते हुए एसडीएम लोकेश बारंगे ने निषेधाज्ञा लगा दी थी। पूरे गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया था। हिरासत में लिए गए लोगों में आरोपित अशरफ अंसारी, उसके पिता व गृह मालिक सरफुद्दीन अंसारी एवं वाहन चालक जो गोविंदपुर के देवली का है मनव्वर अंसारी शामिल थे। बाद में अशरफ अंसारी को निर्दोष बताते हुए रिहा कर दिया गया था।

 

प्रशासनिक चुस्ती से कायम हुई शांति

 

घटना के बाद प्रशासनिक चुस्ती से तनाव के बीच शांति कायम रही। मोहनाद गांव में निषेधाज्ञा बाद में हटा लिया गया। साथ ही वहां प्रतिनियुक्त पुलिस बल को भी वापस बुला लिया गया है। प्रशासन ने शांति समिति की बैठक बुला दोनों पक्षों में सुलह कराया था।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top