यंग थियेटर आर्टिस्ट स्कालरशिप के लिए मनईटांड़ की रिया दास चयनित
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा ने रिया को किया सम्मानित
डीजे न्यूज, धनबाद: अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के तत्वावधान में गुरुवार को होटल वसुंधरा में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय की ओर से वर्ष 2025-2026 व 2026-2027 के लिए यंग थियेटर आर्टिस्ट स्काॅलरशिप के लिए चयनित रिया दास को सम्मानित किया गया। रिया मनईटांड़ निवासी सुशांत कुमार दास की पुत्री हैं। महासभा के संरक्षक सह झारखंड इंडस्ट्रीज एंड ट्रेड एसोसिएशन के अध्यक्ष अमितेश सहाय ने रिया को सम्मानित कर हौसला आफजाई की।
रिया दास कला निकेतन भूली नगर की थिएटर आर्टिस्ट हैं और गुरु वशिष्ठ प्रसाद सिन्हा के निर्देशन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। रिया ने देश के विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपने अभिनय प्रतिभा के लिए कई पुरस्कार भी जीते हैं। रिया ने अपनी कला के माध्यम से न सिर्फ अपने परिवार का बल्कि धनबाद (झारखंड) का भी नाम रौशन किया है। उन्हें रवि भूषण श्रीवास्तव (जिला अध्यक्ष, धनबाद, अखिल भारतीय कायस्थ महासभा), तृप्ति श्रीवास्तव और शिवानी सिन्हा ने भी बधाई दी।