विविध खबरें:-
27 वाहनों पर लगा ₹1.87 लाख का जुर्माना
डीजे न्यूज, धनबाद: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर दूसरे दिन भी कार्रवाई करते हुए जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) दिवाकर द्विवेदी ने अपनी टीम के साथ मैथन पावर लिमिटेड (MPL) क्षेत्र में पहुँचकर परिवहन कार्य में लगे दर्जनों भारी वाहनों (हाइवा व अन्य) का औचक निरीक्षण और सघन जाँच अभियान चलाया।
एमपीएल की ट्रांसपोर्टिंग में लगे दर्जनों वाहनों के परिचालन, गति, और आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जाँच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 27 वाहनों को चिन्हित कर उन पर कार्रवाई की गई। नियमों की अनदेखी, ओवरलोडिंग या सुरक्षा मानकों में कमी पाए जाने पर इन वाहनों पर कुल ₹1.87 लाख का आर्थिक जुर्माना लगाया गया है।
जिला परिवहन पदाधिकारी दिवाकर सी. द्विवेदी ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि सड़कों पर आम नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उद्योगों और ट्रांसपोर्टरों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे अपने सभी वाहनों के चालकों को नियंत्रित गति और नियमों के तहत गाड़ी चलाने का निर्देश दें। यदि भविष्य में किसी भी वाहन द्वारा सुरक्षा नियमों की अनदेखी की जाती है, तो इससे भी अधिक कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
——————————————-
झारखंड पशु चिकित्सा सेवा संघ ने की उपायुक्त से मुलाकात
डीजे न्यूज, धनबाद: झारखंड पशु चिकित्सा सेवा संघ, जिला शाखा, धनबाद ने जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ ब्रजेश कुमार के नेतृत्व में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन से मुलाकात की।
इस क्रम में संघ ने बलियापुर के प्रभारी पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रेमचंद साव के साथ सरकारी कर्तव्यों के निर्वहन के दौरान हुई मारपीट, अभद्र व्यवहार, जान से मारने की धमकी एवं सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न किए जाने की घटना की विस्तृत जानकारी दी।
संघ ने जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन से मांग की कि घटना में शामिल सभी आरोपियों को अविलंब गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध सुसंगत कानूनी धाराओं के अंतर्गत कठोर एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
साथ ही मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों को शीघ्र दंड दिलाया जाए। भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो इसलिए पशुपालन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था एवं स्पष्ट कार्यस्थल सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करने का अनुरोध किया।
———————————————-
8 परिवारों का बेलगड़िया में पुनर्वास
डीजे न्यूज, धनबाद: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देशानुसार भू-धंसान एवं अग्नि प्रभावित क्षेत्र से लोगों का बेलगड़िया टाउनशिप में सुरक्षित पुनर्वास किया जा रहा है।
इस कड़ी में भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) गोविंदपुर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली न्यू आकाश किनारी कोलियरी से 8 विस्थापित परिवारों को पूरी सुरक्षा और सम्मान के साथ बेलगड़िया पुनर्वास स्थल पर शिफ्ट किया गया।
स्थानांतरण प्रक्रिया को बेहद पारदर्शी और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया गया। आठों परिवारों की शिफ्टिंग के दौरान न्यू आकाश किनारी कोलियरी के पर्सनल मैनेजर (मानव संसाधन), बेलगड़िया टीओपी प्रभारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनकी देखरेख में सभी परिवारों को आवंटित आवासों में सुरक्षित पहुंचाया गया।
वहीं उपायुक्त ने कहा कि भू-धंसान एवं अग्नि प्रभावित क्षेत्र के विस्थापित परिवारों को बेहतर माहौल और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। बताया कि सभी 8 परिवारों ने शांतिपूर्ण ढंग से नए आवासों में प्रवेश किया।