विविध खबरें:-

Advertisements

विविध खबरें:-

कपुरिया पंचायत सचिवालय के बाहर से पंचायत सचिव की बाइक चोरी

डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): कपुरिया पंचायत के पंचायत सचिव हीरालाल नापित की ग्लैमर बाइक शनिवार को चोरी हो गई। वह सचिवालय के बाहर अपनी बाइक खड़ी कर कार्यालय का काम निपटा रहे थे। भुक्तभोगी पंचायत सचिव ने बताया कि दोपहर को सचिवालय से बाहर निकलने पर बाइक गायब मिली। काफी खोजबीन के बाद भी बाइक का पता नहीं चल पाया। इस बाबत उन्होंने कपुरिया ओपी में सूचना दे दी है। भुक्तभोगी पंचायत सचिव बरवाअड्डा के रहने वाले हैं। बता दें कि आज सचिवालय परिसर में नशा मुक्ति अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक का कार्यक्रम आयोजित था। संदेह व्यक्त किया जा रहा है कि भीड़ का फायदा उठाकर चोरों ने बाइक टपा ली होगी।
———————————————–

डीएमसी माॅल में आम महोत्सव कल

धनबाद: रविवार को को प्रातः 8:00 बजे से बैंक मोड़ स्थित डीएमसी मॉल परिसर में आम महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। किसानों द्वारा उत्पादित आमों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना तथा स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना कार्यक्रम का उद्देश्य है।

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने जिलेवासियों से आम महोत्सव में शामिल होकर स्थानीय किसानों एवं महिला समूहों को प्रोत्साहित करने की अपील की।
———————————————-
तेतुलमारी में दो बाल श्रमिक विमुक्त
धनबाद: जिला संयुक्त धावा दल ने श्रम अधीक्षक (कृ० श्र०) धनबाद पंकज कुमार के नेतृत्व में शनिवार को बाघमारा प्रखंड के तेलुलमारी में बाल श्रम उन्मूलन हेतु विशेष औचक निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान पांडेडीह क्षेत्र स्थित वर्मा स्वीट्स एवं कमलेश स्टोर में कार्यरत एक-एक बाल श्रमिक को विमुक्त कराया गया।
निरीक्षण के क्रम में पाया गया कि उक्त दोनों बालकों से संबंधित प्रतिष्ठानों में कार्य कराया जा रहा था। धावा दल द्वारा तत्काल हस्तक्षेप करते हुए दोनों बालकों को नियोजन से मुक्त कराया गया। बालकों का सत्यापन कर उन्हें आवश्यक संरक्षण, परामर्श एवं पुनर्वास की प्रक्रिया हेतु संबंधित बाल संरक्षण तंत्र को सुपुर्द किया गया। मामले में नियोजकों के विरुद्ध बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम तथा अन्य सुसंगत विधिक प्रावधानों के अंतर्गत कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है।
श्रम अधीक्षक पंकज कुमार ने कहा कि बाल श्रम एक सामाजिक अभिशाप एवं दंडनीय अपराध है। प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा एवं सम्मानजनक बचपन का अधिकार प्राप्त है। धनबाद जिला को बाल श्रम मुक्त जिला बनाने के उद्देश्य से श्रम विभाग द्वारा लगातार सघन निरीक्षण, जागरूकता एवं प्रवर्तन संबंधी कार्रवाई की जा रही है। जून माह के दौरान विशेष बाल श्रम उन्मूलन अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसके तहत विभिन्न प्रतिष्ठानों, होटल, ढाबा, गैराज एवं व्यावसायिक संस्थानों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी भी प्रतिष्ठान में बाल श्रमिक नियोजित पाए जाते हैं तो संबंधित नियोजक के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। बाल श्रम से संबंधित मामलों में दोषी पाए जाने पर जुर्माना एवं कारावास सहित कठोर दंड का प्रावधान है। श्रम विभाग द्वारा ऐसे मामलों पर सतत निगरानी रखी जा रही है तथा आगे भी अभियान जारी रहेगा।
बाघमारा के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी वरुण रंजन कंठ ने कहा कि बाल श्रम उन्मूलन हेतु इस प्रकार का निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि बाल श्रम के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरूकता भी आवश्यक है। किसी भी प्रतिष्ठान में बाल श्रमिक नियोजित पाए जाने पर संबंधित नियोजक के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
धावा दल में बाघमारा के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी वरुण रंजन कंठ, चाइल्डलाइन इकाई की प्रतिनिधि सीता कुमारी, बाल कल्याण समिति (CWC) के प्रतिनिधि अमन कुमार, जिला बाल संरक्षण इकाई (DCPO) के प्रतिनिधि तथा श्रम विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
————————————-
खिलाड़ियों के बीच प्रतियोगिताओं का आयोजन

धनबाद: मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव एवं रोकथाम के संबंध में जिला खेल विभाग द्वारा संचालित जागरूकता अभियान के अंतर्गत शनिवार को खिलाड़ियों के बीच विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विभाग द्वारा संचालित प्रशिक्षण केंद्रों के खिलाड़ियों की सहभागिता से किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल क्रॉस कंट्री रेस से हुई, जिसमें खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली का परिचय दिया। इसके उपरांत कबड्डी एवं रस्साकशी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने खेल भावना, टीम वर्क एवं प्रतिस्पर्धात्मक कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिताओं के दौरान खिलाड़ियों एवं उपस्थित प्रशिक्षकों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहकर खेल एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु प्रेरित किया गया। खिलाड़ियों ने भी नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं खिलाड़ियों में मादक पदार्थों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा खेलों के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश का प्रसार करना था। कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top