विविध खबरें:-
फैकेल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत 22 से 27 जून तक प्रशिक्षण कार्यशाला
डीजे न्यूज, धनबाद: आगामी 22 जून से 27 जून तक राजकीय पॉलिटेक्निक में इलेक्ट्रॉनिक और आईसीटी अकैडमी के अंतर्गत फैकेल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत सी-डैक, पटना द्वारा पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।
इसकी जानकारी देते हुए उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से संबंधित आईसीटी के उभरते क्षेत्रों में प्रोफेसर, फैकल्टी, मेंटर्स व प्रशिक्षकों के प्रगतिशील विकास और प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ावा देना है।
उन्होंने बताया कि कार्यशाला का आयोजन 22 से 27 जून तक सुबह 10 बजे से संध्या 5 बजे तक किया जाएगा। इसमें धनबाद, भागा एवं निरसा के राजकीय पॉलिटेक्निक, आईटीआई धनबाद, पीके रॉय मेमोरियल कॉलेज, गुरु नानक कॉलेज से प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।
—————————————
दो महिलाओं को सफल ऑपरेशन के बाद किया डिस्चार्ज
धनबाद: सदर अस्पताल में दो महिला मरीजों का सफल ऑपरेशन के बाद बुधवार को उन्हें डिस्चार्ज किया गया।
इसकी जानकारी देते हुए अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ संजीव कुमार प्रसाद ने बताया कि बरमसिया निवासी 47 वर्षीय ममता देवी पिछले चार वर्षों से बच्चादानी बाहर आने की समस्या से परेशान थीं। वहीं झरिया निवासी 46 वर्षीय राजिया पिछले पाँच वर्षों से इसी बीमारी से पीड़ित थीं। दोनों मरीजों का सफल ऑपरेशन डॉ. संजीव कुमार प्रसाद उपधीक्षक एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ द्वारा किया गया।
बताया कि निजी अस्पतालों में इस प्रकार के ऑपरेशन पर सामान्यतः 30 से 40 हजार रुपये तक खर्च आता हैं, जबकि सदर अस्पताल में यह उपचार निःशुल्क उपलब्ध कराया गया। राजिया और ममता देवी, दोनों का उपचार आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत किया गया।
बताया कि वर्तमान में दोनों मरीज स्वस्थ हैं। कहा कि सदर अस्पताल में महिलाओं के लिए आधुनिक स्त्री रोग उपचार एवं ऑपरेशन सुविधा उपलब्ध है।